हादसा नोएडा अथॉरिटी के नए कार्यालय के सामने अंडरपास के शार्प टर्न पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। बताया जा रहा है कि बाइक पर तीन दोस्त सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।

Noida News : नोएडा सेक्टर-96 अंडरपास के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नोएडा अथॉरिटी के नए कार्यालय के सामने अंडरपास के शार्प टर्न पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। बताया जा रहा है कि बाइक पर तीन दोस्त सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में एक 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे घायल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
Noida News
एडीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, सेक्टर-81 सलारपुर निवासी पांच युवक दो बाइकों पर सवार होकर सेक्टर-46 स्थित भवानी शंकर इंटर कॉलेज गए थे। सभी छात्र 10वीं कक्षा के एडमिशन फॉर्म से जुड़े काम के लिए स्कूल पहुंचे थे। स्कूल से लौटते समय दोपहर करीब 12:45 बजे तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर सेक्टर-45 सदरपुर की तरफ से सेक्टर-96 अंडरपास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अंडरपास के मोड़ पर बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे डिवाइडर से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंडरपास के तेज मोड़ पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर से टकराने के बाद बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने 17 वर्षीय गुलशन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 29 वर्षीय चंदन की भी मौत हो गई, जबकि नासिर की हालत अभी नाजुक बनी हुई है। Noida News
परिजनों और दोस्तों के अनुसार, अजय यादव, नासिर, गुलशन और चंदन की दोस्ती ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से हुई थी। अजय और नासिर ने हाल ही में 9वीं कक्षा पास की थी और दोनों को 10वीं में प्रवेश लेना था। इसी सिलसिले में रविवार रात दोस्तों ने सोमवार सुबह स्कूल जाकर एडमिशन फॉर्म लेने की योजना बनाई थी। सोमवार सुबह नासिर अपनी बाइक पर चंदन और गुलशन को लेकर निकला था, जबकि दूसरी बाइक पर साहिल और अजय यादव आगे चल रहे थे। दूसरी बाइक चला रहे साहिल ने बताया कि वह नासिर की बाइक से करीब 150 मीटर आगे चल रहा था। अचानक पीछे से जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। जब उसने बाइक रोककर पीछे देखा तो तीनों दोस्त सड़क पर खून से लथपथ पड़े थे। साहिल और अजय ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। साहिल ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस पहुंचने में देरी हुई, हालांकि पुलिस मौके पर पहले पहुंच गई थी और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। हादसा इतना गंभीर था कि घटनास्थल पर करीब 30 मीटर तक खून फैला हुआ था और मृतकों के चप्पल भी दूर जा गिरे थे। Noida News
विज्ञापन