
Noida News : याकूबपुर चौराहे पर आज सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
थाना फेस- 2 प्रभारी परमहंस तिवारी ने बताया कि आज सुबह याकूबपुर चौराहे के पास दुर्घटना में एक युवक के घायल होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को बाइक सवार युवक गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला। पुलिस घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गई लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के पास से मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी शिनाख्त दिल्ली ओखला फेस वन निवासी दीपक पुत्र राजेंद्र प्रसाद के रूप में हुई। दीपक मूल रूप से जौनपुर का रहने वाला है। आज सुबह वह किसी कंपनी में इंटरव्यू देने के लिए जा रहा था कि याकूबपुर चौराहे के पास अज्ञात वाहन चालक उसकी बाइक में टक्कर मारकर फरार हो गया। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।