Noida: अपहरण की आशंका के बीच नाले से मिला एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र का शव
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
21 Dec 2022 03:06 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
21 Dec 2022 03:06 AM
Noida: सोमवार को अपने घर से यूनिवर्सिटी जाने के लिए निकले एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र का शव नाले में मिला है। छात्र के लापता होने से उसके परिजन बेहाल थे। शव बरामद होने पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन आशंका जता रहे हैं कि उसका अपहरण के बाद हत्या कर शव को नाले में फेंका गया है।
Noida News
यमुना गौर सिटी निवासी राजबहादुर यादव पेशे से अधिवक्ता है। उनका 19 वर्षीय पुत्र दीपराज एमिटी यूनिवर्सिटी में एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र था। सोमवार को वह घर से यूनिवर्सिटी जाने के लिए घर से निकला था, जिसके पश्चात वह घर नहीं लौटा। परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम तक उनकी दीपराज से फोन पर बात हुई थी। इसके पश्चात उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने दीपराज की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
मंगलवार तड़के करीब 3 बजे परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना रबूपुरा में दर्ज कराई। पुलिस के साथ-साथ परिजन भी दीपराज की तलाश में जुटे हुए थे। मंगलवार की देर शाम पता चला कि यमुना गौर सिटी के नाले के पास एक छात्र का बैग पड़ा हुआ है। सूचना के आधार पर दीपराज के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बैग की पहचान कर बताया कि यह बैग दीपराज का है। थाना रबूपुरा पुलिस ने दीपराज की खोजबीन के लिए एनडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया। एनडीआरएफ की टीम ने नाले में तलाश शुरू की तो दीपराज का शव बरामद हुआ। दीपराज का शव मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि अपहरण के बाद दीपराज की हत्या की गई है।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार का कहना है कि मौत के कारणों का पता जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। परिजन तहरीर देते हैं तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।