
जानकारी के मुताबिक छलेरा निवासी राजन मिश्रा की पत्नी सोनम तिवारी तीन माह की गर्भवती है। सोमवार की सुबह कुछ तकलीफ होने पर उसे सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि जिला अस्पताल की डॉ प्रीति ने उसका अल्ट्रा साउन्ड कराया। राजन मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट में गर्भस्थ बच्चे को मृत बताकर तुरंत एबॉर्शन का परामर्श दिया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर की रिपोर्ट पर विश्वास न कर राजन मिश्रा ने अपनी पत्नी को निजी अस्पताल ले गए। वहां पर डॉक्टरों ने फिर से अल्ट्रा साउन्ड कराया। वहां की रिपोर्ट में बच्चा जीवित और स्वस्थ बताया गया।
इस रिपोर्ट के बाद राजन मिश्रा जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत सीएमएस से की। आरोप है कि सीएमएस ने इस घटना से पल्ला झाड़ लिया। शिकायत पर कार्रवाई न होने पर परिजनों ने हंगामा किया और मामले की शिकायत पुलिस से की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया।