बुलडोजर के निशाने पर बरौला, जल्दी पढ़ें नोएडा अथॉरिटी की चेतावनी
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 01:48 AM
नोएडा अथॉरिटी ने उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में बढ़ते अवैध निर्माण के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। नोएडा के बरौला क्षेत्र में स्थित कमर्शियल बिल्डिंगों को अवैध घोषित करते हुए कुल 9 खसरा नंबरों की पहचान की गई है जिन पर बनी इमारतों को अब ध्वस्त किया जाएगा। ये क्षेत्र हनुमान मूर्ति के पास स्थित है जहां भूमाफियाओं ने गैरकानूनी तरीके से दुकानों का निर्माण कर उन्हें मोटी कीमत पर बेचा था। Noida News
किन खसरा नंबरों पर बने हैं अवैध निर्माण?
नोएडा अथॉरिटी ने जिन खसरा नंबरों पर अवैध निर्माण चिन्हित किया है वे 582, 601, 602, 603, 605, 606, 607, 608 और 609 हैं। इन सभी खसरा नंबरों पर कमर्शियल निर्माण किया गया है जिन्हें अथॉरिटी ने पूरी तरह अवैध घोषित कर दिया है। नोएडा अथॉरिटी ने साफ शब्दों में अपील की है कि कोई भी व्यक्ति, इन इलाकों में जांच-पड़ताल के बिना प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त न करे। अक्सर देखा गया है कि भूमाफिया झूठे दस्तावेज दिखाकर आम लोगों को प्रॉपर्टी बेच देते हैं जिनका खामियाजा बाद में खरीदारों को उठाना पड़ता है।
ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई होगी
हिंदुस्तान अखबार की एक रिपोर्ट के अनुसार, नोएडा अथॉरिटी इन अवैध बिल्डिंगों के खिलाफ जल्द ही सीलिंग और बुलडोजर चलाने जैसी सख्त कार्रवाई शुरू करेगी। सूत्रों के मुताबिक, इन इमारतों को जल्द ही ध्वस्त किया जा सकता है। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो सकती है जिन्होंने इन बिल्डिंगों में लाखों रुपये खर्च कर कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदी है। अब अथॉरिटी की नजरों में ये निर्माण पूरी तरह अवैध हैं। ऐसे में न तो उन्हें किसी तरह का वैध दस्तावेज मिलेगा और ना ही भविष्य में किसी तरह की सुरक्षा।
पिछले कुछ वर्षों में नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के मामले तेजी से बढ़े हैं। भूमाफिया ने बड़े स्तर पर जमीन बेचकर उस पर अवैध दुकानों और बिल्डिंगों का निर्माण किया। अब प्रशासन इस पर लगाम लगाने के लिए एक्शन मोड में है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि, किसी भी प्रॉपर्टी को खरीदने से पहले उसकी पूरी जांच के पड़ताल कर लें उसके बाद भी प्रॉपर्टी खरीदें। अथॉरिटी से वेरिफिकेशन कराएं, प्रॉपर्टी का खसरा नंबर जरूर जांचें और किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं। Noida News