
Noida News (चेतना मंच)। सीजीएसटी अधिकारियों द्वारा व्यापारियों से रिश्वत मांगने तथा विरोध करने पर अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार तथा धमकी देने से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने सेक्टर-48 स्थित सीजीएसटी कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया तथा नारेबाजी की। अधिवक्ताओं की मांग थी कि भ्रष्ट अधिकारियों को तुरंत निलंबित किया जाए।
अधिवक्ताओं के नेता आर.पी. यादव एडवोकेट ने बताया कि सीजीएसटी विभाग के एंटी एवेजन टीम के दो अधिकारी ओमवीर सिंह तथा मयंक शाक्य 27 जून को वरिष्ठ अधिवक्ता रवि संदूजा के मुअक्विल व्यापारी की फेस-2 स्थित फैक्ट्री पहुंचे तथा वर्ष 2017-18 एवं वर्ष 2018 का टैक्स जमा करने को कहा। इस पर रवि संदूजा ने अपने जूनियर अधिवक्ता अवधेश कुमार झा को फैक्ट्री भेजा।
श्री झा ने अफसरों को बताया कि उनके वकील ने उक्त वर्षों का पूरा टैक्स जमा कर दिया है। इस पर अधिकारियों ने अधिवक्ता के साथ दुव्र्यवहार किया, अपशब्द कहे एवं वकालतनामा से अधिवक्ताओं का नाम हटाने की भी चेतावनी दी। श्री झा ने बताया कि उक्त दोनों अधिकारी व्यापारी से 5 लाख रूपये के रिश्वत की मांग कर रहे थे।
घटना की जानकारी मिलने पर जब अगले दिन कर्ई अधिवक्ता, सीजीएसटस अफसरों से बात करने उनके कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने बात करने से मना कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद में बार एसोसिएशन गौतमबुधनगर, नोएडा बार एसोसिएशन तथा गौतमबुद्धनगर बार एसोसिएशन के सैकड़ों अधिवक्ताओं ने सेक्टर-48 स्थित सीजीएसटी कार्यालय पर जमकर धरना प्रदर्शन किया तथा भ्रष्ट अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की। विभाग ने प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल बुला लिया था गेट बंद कर दिया। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भ्रष्ट अधिकारियों को निलंबित नहीं किया गया तो अधिवक्ता सडक़ों पर उतर कर और भी उग्र आंदोलन करेंगे। Noida News