Noida News : भारत के शहरों में स्वच्छता सर्वेक्षण: 2024-25 में नोएडा शहर को सुपर स्वच्छ लीग सिटीज में पहला स्थान मिला है। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम ने नोएडा शहर की इस उपलब्धि के लिए नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत सभी सफाईकर्मियों तथा शहरवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नोएडा के शहरवासियों, सफाईकर्मियों और प्राधिकरण के अधिकारियों के सामूहिक प्रयास के कारण ही नोएडा उत्तर प्रदेश में स्वच्छता सुपर लीग में प्रथम स्थान पर आया है।
मिला सुपर स्वच्छ लीग सिटीज का पुरस्कार
आपको बता दें कि, बृहस्पतिवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम तथा एसीईओ संजय खत्री को सुपर स्वच्छ लीग सिटीज का पुरस्कार प्रदान किया। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. लोकेश एम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) संजय खत्री ने राष्ट्र्रपति के हाथों से मोमेंटो तथा प्रमाण-पत्र ग्रहण किया। नोएडा प्राधिकरण को यह पुरस्कार 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की कैटेगरी में दिया गया है। इस कैटेगरी में पहले नम्बर पर नोएडा तथा दूसरे नम्बर पर यह पुरस्कार चंडीगढ़ शहर को दिया गया है।
शहरवासियों तथा सफाईकर्मियों को दी गई बधाई
नोएडा शहर को मिली इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में सेक्टर-18 स्थित रेडिशन ब्लू होटल में सेलिब्रेशन सेरमनी आयोजित की गई। इस अवसर पर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने इस उपलब्धि पर नोएडा शहर के वासियों तथा सफाईकर्मियों को बधाई दी। सीईओ ने सफाईकर्मियों के नेता बबलू पार्चा समेत कई सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने कहा कि कड़ी मेहनत और आपसी सहयोग के कारण ही नोएडा को प्रथम स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि हमने हर क्षेत्र में कार्य किया। पॉलीबैग के खिलाफ अभियान चलाया, सीवर व नालों की सफाई पर जोर दिया। कूड़ा निस्तारण के लिए डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन की मुहिम चलाई, गीले व सूखे कूड़े को अलग-अलग करके निस्तारित किया गया। इसी का नतीजा है कि आज स्वच्छता सुपर लीग में नोएडा को उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है और हमने इस कैटेगरी में चंडीगढ़ शहर को पछाड़ दिया है। नोएडा के सीईओ ने कहा कि इस रैंक को बरकरार रखने के लिए हमें और कड़ी मेहनत करनी होगी तथा हर शहरवासी को सफाई के प्रति जागरूक रहना होगा।
ये सदस्य रहे मौजूद
इस अवसर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) संजय खत्री, एसीईओ वंदना त्रिपाठी, ओएसडी महेन्द्र प्रसाद, ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, जनस्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक एसपी सिंह, खण्ड-1 के वरिष्ठ प्रबंधक गौरव बंसल, खण्ड-2 के वरिष्ठ प्रबंधक आर.के. शर्मा, महाप्रबंधक अशोक कुमार अरोड़ा, ओएसडी क्रांति शेखर, नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष चौ. राजकुमार सहित नोएडा प्राधिकरण के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
मिला श्रेष्ठ सफाई का फल
बता दें कि वर्ष-2018 में स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा का रैंक 327, तथा 2019 में 150 थी। लेकिन इसके बाद नोएडा की श्रेष्ठ सफाई व्यवस्था के चलते काफी बदलाव आया। वर्ष-2020 के स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा देश में 25वें स्थान पर तथा उत्तर प्रदेश में 1 नंबर पर रहा। वर्ष-2021 के सर्वेक्षण में नोएडा देश में अपनी श्रेणी में चौथे नंबर पर तथा प्रदेश में पहले नंबर पर रहा। वर्ष-2022 में फिर 2021 का रैंक बरकरार रहा। वर्ष-2023 के सर्वेक्षण में प्रदेश में नंबर-1 रैंक में रहा। वहीं राष्ट्रीय रैंक में नोएडा 11वें स्थान से गिरकर 14वें स्थान पर पहुंच गया।