Noida News (चेतना मंच)। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में रामलला प्राण प्रतिष्ठा के तहत अनेक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। यूपी शासन के आदेश की तहत नोएडा प्राधिकरण ने नोएडा के कई प्रमुख मंदिरों को दुल्हन की तरह सजा दिया है। इन मंदिरों की मरम्मत, सफाई, लाइटिंग, साज-सज्जा के लिए प्राधिकरण ने पूरी ताकत झोंक दी है।
आपको बता दें कि नोएडा के सेक्टर-12, 22, 19, 2, 20, 39, 48, 71 व 105 आदि कई प्रमुख मंदिर कल शाम से ही लाइटिंग तथा रोशनी में जगमगा रहे हैं। यह सब नोएडा प्राधिकरण की सक्रिय पहल के बाद ही संभव हो सका है। 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्री राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर नोएडा के सभी मंदिर रोशनी तथा सफाई से जगमगाते हुए मिलेंगे।
इस बाबत पूछने पर नोएडा प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक सिविल विजय रावल ने बताया कि सभी सेक्टरों के प्रमुख मंदिरों की मरम्मत, सफाई तथा लाइटिंग साज-सज्जा काफी दिनों से की जा रही है तथा कुछ मंदिरों में अभी भी तेज गति से काम चल रहा है। इसके लिए कई टीमें कार्य कर रही है तथा यह अभियान लगातार आगे भी जारी रहेगा।