
Noida News: देश के PM Modi ने करोड़ों परीक्षार्थियों की हौसला आफजाई करने के लिए तथा उनके दिल और दिमाग से परीक्षा का खौफ कम करने के लिए उनसे आज परीक्षा पर चर्चा की तथा उनका मनोबल बढ़ाया। गौतमबुद्ध नगर के सांसद तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने पार्टी नेताओं के साथ सेक्टर-28 स्थित विश्व भारती पब्लिक स्कूल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की छात्रों के साथ परीक्षा पर चर्चा का लाइव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश में हर वर्ष परीक्षा के खौफ से छात्र भयभीत रहते थे तथा परिणाम आने के बाद हताशा व अवसाद में कई छात्र आत्महत्या कर लेते थे। इस संकट को प्रधानमंत्री ने बखूबी समझा, उन्होंने बोर्ड परीक्षा से पूर्व छात्रों का मनोबल बढ़ाने तथा ऊर्जा भरने के लिए छात्रों से चर्चा करने की परंपरा शुरू की। प्रधानमंत्री का यह प्रयास काफी सराहनीय है। उनका यह प्रयास छात्रों के लिए संजीवनी साबित होगा।
पूर्व सांसद समेत कई भाजपा नेताओं, छात्रों तथा शिक्षकों ने प्रधानमंत्री की छात्रों के साथ चर्चा का स्कूल में लगे बड़े मॉनिटर पर लाइव प्रसारण देखा। इसके पश्चात हाई स्कूल तथा इंटर की परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को टैब वितरित किए गए।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बिमला बाथम,भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, प्रभारी बसंत त्यागी, क्षेत्रीय सदस्य बिजेन्द्र त्यागी, महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, महासचिव उमेश त्यागी, गणेश जाटव, डिंपल आनंद, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा, सांसद प्रतिनिधि संजय वाली, मीडिया प्रभारी तन्मय शंकर, भाजयुमो के अध्यक्ष रामनिवास यादव, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष उमेश पहलवान, योगेन्द्र चौधरी सहित कई भाजपा नेता तथा कार्यकर्ता मौजूद थे।