
Noida पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह ने सूरजपुर स्थित पुलिस कार्यालय पर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आगामी नगरपालिका, नगरपंचायत चुनाव, यातायात व सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक के उपरांत उन्होंने थाना दादरी का भी औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सूरजपुर स्थित पुलिस कार्यालय में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था रवि शंकर छवि,अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय भारती सिंह ,पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल नोएडा राम बदन सिंह व पुलिस उपायुक्त अपराध, अपर पुलिस उपायुक्त अपराध/स्टाफ ऑफिसर एवं अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी नगरपालिका, नगर पंचायत चुनावों व सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को उन्होंने यातायात व सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए हॉट स्पाट पर निगरानी के लिए कैमरे लगवाने का निर्देश दिया। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने हॉट स्पाट, भीड भाड वाले स्थान, बाजारों के लिए स्वयं सिद्धा टीम का रूट चार्ट तैयार कर सड़कों पर उतरने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी चुनाव संबंधित कार्यों की समीक्षा कर चुनाव निष्पक्ष कराने के निर्देश दिए।
बैठक के पश्चात पुलिस कमिश्नर ने थाना दादरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में मौजूद लोगों से थाना दादरी पुलिस की कार्यशैली का फीडबैक लिया। उन्होंने थाना कार्यालय, कम्प्यूटर कक्ष, डाक कार्यालय एवं महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के पश्चात उन्होंने थाना परिसर में खड़े लावारिस व सीज वाहनों के शीघ्र निस्तारण के लिए कहा।
पुलिस कमिश्नर ने थाना प्रभारी को थाने पर प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का अविलंब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने एवं थाने पर आने वाले सभी लोगों से मृदु व्यवहार करने का निर्देश दिया।