Noida Crime News: गौकशी के लिए तलाश रहे थे जगह पुलिस से हुई मुठभेड़
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:02 AM
भारत
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:02 AM
Noida : नोएडा । गौकशी के लिए रेकी करने आए बदमाशों की आज सुबह थाना फेस-3 पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है। जबकि इनके 4 साथी फरार हो गए। पकडे गए बदमाशों के पास से सेंट्रो कार, गायों को लगाने वाले नशे के इंजेक्शन, तमंचे, कारतूस तथा गौकशी में प्रयुक्त होने वाले नुकीले व धारधार छुरे बरामद हुए हैं। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा जोन इलामारन ने बताया कि थाना फेस-3 प्रभारी विवेक त्रिवेदी को मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर 68 के डंपिंग ग्राउंड में कुछ लोग गौकशी के इरादे से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस से घिरा देखकर वहां घूम रहे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को गोली लगी जबकि इनके 4 साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पूछताछ में दोनों बदमाशों ने अपने नाम जीशान व मोहम्मद ईशा निवासी जोया जिला अमरोहा बताया। दोनों आरोपियों ने बताया कि वह गौकशी करने के लिए रेकी करने आए थे। दोनों बदमाशों ने कबूल किया कि उन्होंने थाना क्षेत्र में गत 6/7 तारीख की मध्यरात्रि को गौकशी की वारदात को अंजाम दिया था।
एडीसीपी ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य दिन में गौवंश की रैकी करते हैं और रात में मौका देखकर उन्हें नशीला इंजेक्शन लगा कर बेहोश कर देते हैं। इसके पश्चात गिरोह के अन्य सदस्य गौकशी की वारदात को अंजाम देते हैं। गौकशी के बाद गिरोह के सदस्य मांस को दिल्ली के गाजीपुर मीट मंडी में बेच आते हैं। गौकशी का यह गिरोह हापुड़, पिलखुआ, नाहल, डासना सहित कई अन्य स्थानों पर गौकशी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की अधिकतर लोकेशन गाजीपुर मीट मंडी की मिली है। आशंका है कि गौकशी की घटना के बाद यह लोग मीट को गाजीपुर की मीट मंडी में सप्लाई करते हैं। एडीसीपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ करने के साथ-साथ इनके फरार साथियों की तलाश की जा रही है।