
Noida Crime News : नोएडा (चेतना मंच)। नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश के पास से तमंचा कारतूस व चोरी की स्कूटी बरामद हुई है।
थाना प्रभारी विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिसकर्मी सेक्टर-11 के वीडियोकॉन चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान दिल्ली बॉर्डर की तरफ से स्कूटी पर आ रहे एक युवक को पुलिसकर्मियों ने जांच के लिए रुकने का इशारा किया। पुलिस कर्मियों को देखकर स्कूटी सवार भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर स्कूटी सवार को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम आकाश पुत्र नंदराम निवासी जनपद कन्नौज बताया।
पकड़ा गया आरोपी हाल में ओल्ड कोंडली दिल्ली में रह रहा है। आरोपी के पास से मिली स्कूटी के बारे में जब हड़ताल की गई तो पता चला कि वह भी चोरी की है। आकाश ने बताया कि उसने यह स्कूटी दिल्ली के एक पार्क से चोरी की थी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज न्यायालय में पेश किया गया है।
ग्रेटर नोएडा की थाना बिसरख पुलिस ने दो शातिर बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। गैंगस्टर एक्ट में निरूद्ध किए गए दोनों बदमाश संगठित गिरोह बनाकर लूट व चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि दीपक भडाना पुत्र सुंदर सिंह भडाना निवासी कपसई थाना नौसेना जनपद बुलंदशहर तथा भूपेंद्र उर्फ़ बिट्टू पुत्र कुमार पाल निवासी ग्राम शाहपुर थाना सलेमपुर जनपद बुलंदशहर के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।
दोनों आरोपियों को पुलिस ने बीते दिनों गिरफ्तार कर जेल भेजा था दोनों शातिर बदमाश हैं और लूट चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। दोनों बदमाशों का क्षेत्र में इस कदर आतंक व्याप्त है कि कोई भी व्यक्ति उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता है। उन्होंने बताया कि दोनों बदमाशों के खिलाफ थाना बिसरख में जानलेवा हमला, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं।
नोएडा के थाना सेक्टर 58 क्षेत्र के सेक्टर 56 के डी ब्लॉक स्थित एक मकान की दीवार से फांदकर चोर एक बड़ा भगौना चोरी करके ले गए हैं। चोरी की यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। श्री नारायण संस्कृतिक चेतना न्यास तथा श्री चित्रगुप्त सभा ट्रस्ट के प्रमुख न्यासी तथा समाजसेवी डा. राजन श्रीवास्तव ने इसकी शिकायत थाने में की है।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-56 में न्यास का लाखों रुपए का सामान मौजूद है। चोर ने दिनदहाड़े दीवार फांदकर यहां से एक बड़ा भगौना चोरी कर लिया है। चोरी की यह वारदात सीसीटीवी कैमरा में कैद है। राजन श्रीवास्तव ने पुलिस से मांग की है कि वह इस वारदात का खुलासा कर सके ताकि सेक्टर में होने वाली चोरियों पर अंकुश लगाया जा सके।