विज्ञापन
कभी सुरक्षित माने जाने वाले बाजार, रिहायशी इलाके और सार्वजनिक स्थान अब अपराध की घटनाओं से प्रभावित नजर आ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा और चिंता का माहौल बढ़ता जा रहा है।

Noida News : नोएडा में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कभी सुरक्षित माने जाने वाले बाजार, रिहायशी इलाके और सार्वजनिक स्थान अब अपराध की घटनाओं से प्रभावित नजर आ रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा और चिंता का माहौल बढ़ता जा रहा है। ऐसे समय में पत्रकारिता सिर्फ घटनाओं को रिपोर्ट करने का माध्यम नहीं रह जाती, बल्कि वह एक जिम्मेदार निगरानी तंत्र की भूमिका भी निभाती है। हमारा उद्देश्य सिर्फ खबर पहुंचाना नहीं, बल्कि जमीन पर मौजूद तथ्यों, जांच और प्रमाणों के आधार पर उन सच को सामने लाना है, जो व्यवस्था की कमजोरियों और जवाबदेही पर सीधे सवाल उठाते हैं। लोकतंत्र में पत्रकारिता की असली ताकत यही है कि वह बिना दबाव के सच्चाई को सामने लाए, जनता की आवाज बने और उन सवालों को उठाए जिनका जवाब व्यवस्था को देना जरूरी है। Noida News
नोएडा (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के सेक्टर-79 स्थित गौड़ स्पोर्ट्स वुड सोसाइटी में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने घर से सोने की दो अंगूठियां चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़त ने अपनी घरेलू सहायिका पर चोरी का शक जताया है। सोसाइटी में रहने वाले निशित राय ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने 4 मई को घरेलू कार्य के लिए ऑनलाइन घरेलू सहायिका की तलाश की थी। स्नैबिट कंपनी के माध्यम से रिया कुमारी नाम की सहायिका उनके घर काम करने आई थी। कुछ समय काम करने के बाद वह चली गई। सहायिका के जाने के बाद उन्हें पता चला कि घर में पहले से रखी सोने की दो अंगूठियां गायब हैं। गृहस्वामी के मुताबिक उन्होंने रिया कुमारी पर सोने की अंगूठी चोरी करने का शक जताया है। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। Noida News
नोएडा (चेतना मंच)। थाना फेस-2 क्षेत्र के क्लियो काउंटी सोसायटी के पास कार की टक्कर लगने से आइसक्रीम विक्रेता की मौत हो गई। मृतक के पिता ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मूल रूप से जनपद मैनपुरी के रहने वाले मंजन सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा शाक्य पेशकार नोएडा में रहकर कुल्फी बेचने का काम करता था। 21 जून को वह कुल्फी बेचकर घर लौट रहा था, तभी क्लियो काउंटी सोसायटी के पास तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में शाक्य पेशकार गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उपलब्ध कराए गए कार नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जा रही है। Noida News
नोएडा (चेतना मंच)। कारों के शीशे तोडक़र सामान उड़ाने वाले गिरोह ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की तीन घटनाओं को अंजाम दिया है। चोर कारों का शीशा तोडक़र लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। सेक्टर-135 स्थित अलास्का ग्रीन फार्म सोसाइटी में रहने वाली सीमा झामनानी ने थाना फेस-2 में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़ता ने बताया कि 22 जून को वह लोटस स्टूडियो के पास कुछ सामान खरीदने गई थीं। उन्होंने अपनी कार सडक़ किनारे खड़ी की थी। लौटने पर देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ था और उसमें रखा लैपटॉप, आईफोन, मेकअप किट व ब्रांडेड कपड़े चोरी हो चुके थे।थाना सेक्टर-39 में अभिषेक कुमार प्रजापति ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 15 जून की शाम वह अपने सहयोगी के साथ सेक्टर 96 स्थित स्क्वायर बिल्डिंग के पास शॉपिंग के लिए गए थे। उन्होंने अपनी कार सडक़ पर खड़ी की थी। लौटने पर कार का शीशा टूटा मिला और उसमें रखा ऑफिस लैपटॉप, चार्जर, पर्स और अन्य सामान चोरी हो गया। पर्स में 15 हजार रुपये भी थे। वहीं थाना बिसरख क्षेत्र के एवेन्यू गौर सिटी-2 में रहने वाले विजय शंकर ने भी कार से लैपटॉप चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 23 जून की रात वह हैबतपुर गांव के पास सब्जी खरीद रहे थे। लौटने पर देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ था और लैपटॉप, चार्जर, नोटबुक, चश्मा आदि सामान गायब था। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और चोरों की पहचान की जा रही है। Noida News
नोएडा (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-100 स्थित एक पीजी में रहने वाली चार युवतियों के तीन लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये चोरी हो गए। युवतियां अपने कमरे का दरवाजा खुला छोडक़र सोई हुई थीं, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।रिंकी राजपूत ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी सहेली जोली, वंशिका और स्नेहा के साथ सेक्टर 100 स्थित दा विलास नोएडा पीजी में रह रही है। 22 जून की सुबह वह और उसकी सहेलियां कमरे में सो रही थीं। सफाई के समय दरवाजा खुला रह गया था और सभी अंदर सो गईं। कुछ समय बाद जब वे जागीं तो कमरे से तीन लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये गायब थे। पीडि़ताओं ने सामान की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना सूरजपुर पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से 31 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम तिलपता चौकी क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान आबकारी विभाग की टीम भी जांच कर रही थी। ग्राम खोदना खुर्द की ओर से एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 31 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी ने अपना नाम शुभम उर्फ बिट्टू पुत्र विजेंद्र निवासी हापुड़ बताया। वह वर्तमान में ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्रिसटीन ग्रीन सोसाइटी में रह रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह दिल्ली से शराब लाकर ठेके बंद होने के बाद ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना दादरी क्षेत्र में एक व्यक्ति ने दो युवकों के खिलाफ अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज कराया है। पीडि़त के अनुसार दोनों आरोपी उसकी बेटी से फोन पर बातचीत करते थे। दादरी कस्बे में रहने वाले इदरीश (काल्पनिक नाम) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 23 जून की सुबह उनकी 16 वर्षीय बेटी घर से बिना बताए चली गई। तलाश करने पर पता चला कि अजीन और वाजिद उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। पीडि़त के अनुसार दोनों युवकों ने यह भी स्वीकार किया कि किशोरी उनके साथ है। उन्होंने आशंका जताई है कि नाबालिग के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। Noida News
विज्ञापन