
नोएडा क्राइम न्यूज (चेतना मंच)। नोएडा-ग्रेटर नोएडा में चोरी की घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। यहां कंपनियों में चोरी के अलावा बदमाश जहां घरों से कीमती सामान उड़ा रहे हैं। वहीं कई जगह से मोबाइल फोन पर भी चोरी किए गए हैं।
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 में निपोन कोनयो इंडिया प्रा. लि. में काम करने वाले अरूण सिंह एवं नवीन सिंह ने शिकायत दर्ज करायी है कि उनकी कंपनी से बड़े पैमाने पर ऑयल फिल्टर व ब्रेक पैड चोरी किए गए हैं। उन्होंने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो कंपनी में काम करने वाले मोहित पुत्र राजेन्द्र व सोनू पुत्र लखीचंद तथा माहले फिल्टर सिस्टम प्रा.लि. में ट्रक ड्राईवर कासिम कंपनी से एयर फिल्टर व ब्रेक पैड ले जाते हुए दिखा। इन लोगों ने अभी तक ले जाए गए सामान को वापस नहीं किया है।
वहीं थाना फेस-3 में आदित्य जयसवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने दोस्त अमरेश दुबे के साथ ममूरा गली नंबर 7 में रहते हैं। बीते दिनों वह सुबह छत पर टहल रहे थे। इस दौरान उनके कमरे से 3 मोबाइल फोन चोरी हो गए। इसी थाना क्षेत्र के ममूरा में रहने वाले मोहित कुमार के कमरे से भी ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन चोरी हो गया।
इसके अलावा चोरों ने नोएडा के ग्राम बरौला में भी एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बरौला में रहने वाले नरेन्द्र पुत्र ज्ञानी ने थाना सेक्टर-49 में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह बरौला में राहुल चौहान के घर में किराये पर रहता है तथा सोसायटी में साफ-सफाई का काम करता है। जब वह डयूटी पर था और उसकी पत्नी स्कूल से बच्चों को लेने गई थी तब चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर घर में रखे सोने के आभूषण, मंगलसूत्र, 1500 रूपये नगद व अन्य सामान चोरी कर लिया। नरेन्द्र ने अपनी पड़ोसन रीता पर शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज करायी है।
बीटा-2 थाने में मूलचंद कमल निवासी ओमेक्स एनआरआई सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी पत्नी दो माह से कानपुर गई हुई थी और वह जब अपनी डयूटी पर गए तो अज्ञात चोरों ने उनके घर में सेंध लगाकर घर में रखे करीब 40 हजार रूपये, 1 चेन, 1 पायल, दो रिंग एवं अन्य जेवर चोरी कर ले गए।