Noida Crime News : दिल्ली के छेनू गैंग का बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल
The crook of Delhi's Chhenu gang injured in a police encounter
भारत
चेतना मंच
07 Oct 2022 06:22 PM
Noida Crime News : नोएडा । साउथ दिल्ली में सक्रिय छेनू गैंग के शार्प शूटर को थाना सेक्टर-20 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया जबकि इसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश पर हत्या, लूट, चोरी आदि के करीब दो दर्जन मुकदमें पंजीकृत हैं।
एडीसीपी नोएडा आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि आज सुबह थाना सेक्टर-20 पुलिस ब्रह्मपुत्र मार्केट के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भाग निकले। बदमाशों को भागता देख कर अट्टा चौकी प्रभारी नितिन कुमार तथा सेक्टर 18 चौकी प्रभारी ने पुलिस बल के साथ बदमाशों का पीछा किया। पुलिस ने सेक्टर 16 फिल्म सिटी के बिजली घर के पास बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी है जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम दानिश उर्फ सयार उर्फ चीता पुत्र निजामुद्दीन निवासी त्रिलोकपुरी थाना मयूर विहार दिल्ली बताया। एडीसीपी ने बताया कि इसके पास से एक तमंचा, कारतूस, अपाचे बाइक, लुटे हुए चार मोबाइल फोन बरामद हुए। पकड़े गए दानिश कि जब अपराधिक कुंडली खंगाली गई तो पता चला कि उस पर विभिन्न थानों में हत्या, लूट व चोरी आदि के करीब दो दर्जन मुकदमें पंजीकृत हैं। यह बदमाश थाना क्षेत्र 20 से लूट के 2 मुकदमों में भी वांछित चल रहा था।दानिश के पास से बरामद अपाचे बाइक भी थाना फेज 3 क्षेत्र से चोरी की गई थी।
सुपारी लेकर हत्या करने के लिए कुख्यात है छेनू गैंग
दानिश साउथ दिल्ली के छेनू गैंग का सक्रिय सदस्य है। यह गैंग सुपारी लेकर लोगों की हत्या करने की वारदातों को अंजाम देने के लिए कुख्यात है। इस गिरोह में करीब 5 बदमाश शामिल हैं। ग्रुप के सदस्य हत्या की वारदात करने के साथ-साथ अपना खर्च चलाने के लिए लूट व छिनैती की वारदातों को भी अंजाम देते हैं। एडीसीपी ने बताया कि दानिश के फरार साथी की तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है