लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। दिनदहाड़े होने वाली वारदातों ने जहां लोगों की चिंता बढ़ाई है, वहीं अपराधियों के बढ़ते हौसले भी पुलिस व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं।

Noida News : नोएडा में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाएं शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। दिनदहाड़े होने वाली वारदातों ने जहां लोगों की चिंता बढ़ाई है, वहीं अपराधियों के बढ़ते हौसले भी पुलिस व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। ऐसे माहौल में हमारा उद्देश्य केवल सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि हर घटना की तह तक पहुंचना है। हम आपको अपराध से जुड़ी हर बड़ी खबर के तथ्य, पुलिस कार्रवाई, जांच की प्रगति और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जिम्मेदारी के साथ जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते हैं। नोएडा-ग्रेटर नोएडा की हर बड़ी आपराधिक हलचल और पुलिस एक्शन से जुड़े रहिए हमारे साथ। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने ग्राम बिसरख जलालपुर स्थित खसरा संख्या-666 की सरकारी भूमि पर अवैध चारदीवारी और निर्माण कराने वालों के खिलाफ थाना बिसरख में एफआईआर दर्ज कराई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के क सर्किल 3 के सहायक प्रबंधक रियाजुद्दीन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि ग्राम बिसरख जलालपुर में खसरा संख्या-666 की भूमि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में स्थित है और यह अर्जित एवं कब्जा प्राप्त भूमि है। उक्त सरकारी भूमि पर कुछ कृषकों/प्लॉटिंगकर्ताओं द्वारा अवैध रूप से चारदीवारी का निर्माण कराया गया है। वर्क सर्किल के फील्ड स्टाफ द्वारा कई बार मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण कार्य रुकवाया गया, लेकिन अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा देर-सवेर और रात के समय छिपकर निर्माण कार्य दोबारा कराया जा रहा है। दर्ज कराई गई रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ उत्तर प्रदेश औद्योगिक क्षेत्र विकास अधिनियम, 1976 की धारा-10 के तहत नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद निर्धारित समयावधि में अवैध निर्माण नहीं हटाया गया और निर्माण कार्य जारी रखा। उन्होंने अवैध अतिक्रमण करने के आरोप में अरविंद पुत्र चन्द्र, मोहित पुत्र नरेन्द्र, अजय भाटी व संजय पुत्र ओमवीर तथा राहुल पुत्र देवेन्द्र को एफआईआर में नामजद किया है। पुलिस का कहना है कि प्राधिकरण अधिकारी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। गाजियाबाद से ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के चाचा ने कंटेनर चालक के खिलाफ थाना दादरी में मुकदमा दर्ज कराया है।ग्राम सनोटा जनपद बुलंदशहर निवासी नगेंद्र कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका भतीजा बाबी यादव 19 अगस्त को ड्यूटी कर गाजियाबाद से अपनी बाइक से घर लौट रहा था। सुबह करीब 7:18 बजे वह दादरी-सिकंदराबाद रोड पर पैरिफेरल फ्लाईओवर से कुछ आगे सीएनजी पंप के पास पहुंचा। इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाबी यादव को गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से उसे जिम्स अस्पताल, कासना ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे कैलाश अस्पताल, नोएडा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 20 अगस्त को उसकी मौत हो गई। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना दादरी क्षेत्र में घर के बंटवारे के विवाद में महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने अपने बेटे और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया हैं। ग्राम रिठौरी निवासी श्रीमती संतोष ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 23 अगस्त को घर के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि उसके बेटे योगेश और उसकी पत्नी प्रियंका ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। पीड़िता का आरोप है कि दोनों ने उसे घर छोडक़र चले जाने के लिए कहा और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना दादरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना जेवर में एक व्यक्ति ने अपने भाई को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों की प्रताडऩा से त्रस्त होकर उसके भाई ने आत्महत्या की है। ग्राम सिरसा खादर निवासी ललित कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 18 जुलाई की रात करीब 10 बजे उनका भाई कन्हैया घर आया था। इस दौरान उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और उसका मोबाइल भी टूटा हुआ था। पूछताछ में कन्हैया ने बताया कि उसका अभिषेक नामक युवक तथा अन्य लोगों से विवाद हुआ था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, रात करीब 11:45 बजे गांव का धीरज पुत्र बिजेंद्र घर आया और कन्हैया को अपने साथ ले गया। अगले दिन 19 जुलाई की सुबह एक मोबाइल नंबर से धीरज का फोन आया। उसने बताया कि कन्हैया अमरूद के पेड़ पर लटका हुआ है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो कन्हैया अमरूद के पेड़ से घुटनों के बल लटका मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को 112 नंबर पर दी गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसके भाई को अभिषेक, राहुल, धीरज और अंकुर द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण उसने आत्महत्या की। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल कर रही है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में टी-शर्ट और बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। फैक्ट्री संचालिका की शिकायत पर पुलिस ने सुरक्षा गार्ड समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ईकोटेक थर्ड उद्योग केंद्र में मैसर्स आर्या फैशनस कंपनी चलाने वाली खुशबू सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 22/23 अगस्त की रात को उनकी फैक्ट्री में तैनात ब्रेव सिक्योरिटी एजेंसी के गार्ड आलोक ने फेक्ट्री से काफी मात्रा में टी-शर्ट और बैग चोरी कर उन्हें एक कार में भरकर ले गया। चोरी की पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। सामान चोरी होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने जब सीसीटीवी फुटेज बंगाली तो उसमें सिक्योरिटी गार्ड आलोक तथा उसके साथी कार में सामान भरकर ले जाते हुए दिखाई दिए । पीड़िता ने मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए चोरी का माल बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना फेस-3 क्षेत्र में अलग-अलग स्थान पर बाइक सवार झपटमारो ने दो लोगों से मोबाइल फोन झपट लिए और फरार हो गए। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। ग्रेटर नोएडा निवासी शशिकांत पाण्डेय ने थाना फेस 3 में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 22 अगस्त की शाम को सेक्टर 52 से ग्रेटर नोएडा स्थित अपने घर ऑटो से जा रहा था। इसी दौरान पर्थला पुल से नीचे उतरते समय दो अज्ञात बाइक सवारों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शशिकांत पांडे के मुताबिक उसने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन गौर सिटी निवासी विनोद उप्रेती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 21 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे वह सेक्टर-70 स्थित एस आर एस अस्पताल के पास से पैदल जा रहे थे और मोबाइल फोन पर अपने एक मित्र से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए और हाथ से मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना अचानक होने के कारण वह मोटरसाइकिल का नंबर नोट नहीं कर सके। घटना के तत्काल बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज को खंगाल कर झपट मारो की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। Noida News
विज्ञापन