विज्ञापन
नोएडा पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर विभिन्न कंपनियों का डेटा चोरी कर लोगों को कॉल करते थे और उन्हें रोजगार दिलाने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाते थे।

Noida News : गौतमबुद्धनगर की साइबर क्राइम पुलिस ने नौकरी और प्रशिक्षण दिलाने के नाम पर युवाओं से धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। नोएडा पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर विभिन्न कंपनियों का डेटा चोरी कर लोगों को कॉल करते थे और उन्हें रोजगार दिलाने का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाते थे। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण और खुफिया जानकारी के आधार पर एक ठिकाने पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आदित्य चौहान, सुमित कुमार, सूरज गुप्ता, ऋषभ और गौरव पाठक के रूप में हुई है। Noida News
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न कंपनियों से जुड़ा डेटा अवैध तरीके से हासिल करते थे। इसके बाद नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से संपर्क कर उन्हें आकर्षक नौकरी और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लालच देते थे। कई मामलों में अभ्यर्थियों से पंजीकरण शुल्क, प्रोसेसिंग फीस और अन्य खर्चों के नाम पर धनराशि भी वसूली जाती थी। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था और अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बना रहा था। Noida News
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 17 सिम कार्ड, 4 डेबिट कार्ड, दो कंपनी मोहर, चेक बुक, पास बुक और कॉलिंग डेटा बरामद किया है। जांच एजेंसियां इन उपकरणों और दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच कर रही हैं ताकि ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित कुल पांच शिकायतें दर्ज हैं। इनमें उत्तर प्रदेश और बिहार की एक-एक शिकायत जबकि महाराष्ट्र की तीन शिकायतें शामिल हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था। Noida News
साइबर क्राइम थाना, गौतमबुद्धनगर में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी है। Noida News
विज्ञापन