नोएडा, दादरी और जेवर के मतदाताओं के लिए मतदान व्यवस्था से जुड़ी एक अहम खबर है। निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद गौतमबुद्धनगर में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की संख्या में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत किस विधानसभा क्षेत्र में क्या बदला और इसका मतदाताओं पर क्या असर पड़ सकता है?

Noida News : गौतमबुद्धनगर जिले की तीनों विधानसभा सीटों नोएडा, दादरी और जेवर में मतदान व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। निर्वाचन आयोग ने जिले में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं संशोधन प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है। नई व्यवस्था के तहत जिले में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है, जबकि मतदेय स्थलों की कुल संख्या में कमी आई है। आयोग की स्वीकृति के बाद तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 766 मतदान केंद्र और 1,926 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
गौतमबुद्धनगर के डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने शनिवार, 7 नवंबर 2026 को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुसार जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन और संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस प्रक्रिया के तहत 21 अक्टूबर और 26 अक्टूबर 2026 को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित की गई थीं। बैठकों में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों से संबंधित प्रस्तावों पर विचार-विमर्श करने के बाद उन्हें अंतिम रूप दिया गया। इसके बाद 27 अक्टूबर को संशोधित प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को भेजे गए थे। अब निर्वाचन आयोग ने इन प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की नई संख्या तय हो गई है।
विधानसभा क्षेत्र ------------ मतदान केंद्र ------------- मतदेय स्थल
61-नोएडा ------------------ 234 ---------------------- 784
62-दादरी ------------------- 328 ----------------------747
63-जेवर -------------------- 204 --------------------- 395
कुल ------------------------- 766 --------------------- 1,926
नई व्यवस्था में सबसे अधिक 328 मतदान केंद्र दादरी विधानसभा क्षेत्र में होंगे। वहीं, मतदेय स्थलों की सबसे अधिक संख्या नोएडा विधानसभा क्षेत्र में निर्धारित की गई है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार, सम्भाजन प्रक्रिया से पहले गौतमबुद्धनगर में कुल 743 मतदान केंद्र और 2,024 मतदेय स्थल थे। संशोधन के दौरान 32 नए मतदान केंद्र बनाए गए, जबकि 9 मतदान केंद्र कम किए गए। इस प्रकार जिले में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 23 बढ़कर 766 हो गई है। इसी तरह 12 नए मतदेय स्थल जोड़े गए, जबकि 110 मतदेय स्थल कम किए गए। परिणामस्वरूप जिले में मतदेय स्थलों की कुल संख्या 98 घटकर 1,926 रह गई है।
मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों के सम्भाजन का सीधा संबंध मतदाताओं की मतदान व्यवस्था से होता है। मतदान केंद्र वह स्थान होता है जहां एक या एक से अधिक मतदेय स्थल बनाए जा सकते हैं। ऐसे में मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की संख्या में बदलाव के बाद कुछ मतदाताओं के मतदान स्थल में भी परिवर्तन संभव है।
विज्ञापन