Noida Delhi Traffic Advisory : नोएडा। यदि आप नोएडा में रहते हैं और दिल्ली जाने का प्लान बना रहे हैं या आप रोजाना दिल्ली से नोएडा और नोएडा से दिल्ली अपडाउन करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद ही खास है, क्योंकि दो दिन तक नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहनों पर रोक लगा दी गई है। दो दिनों के लिए नोएडा से कोई भी वाहन दिल्ली में नहीं जा सकेगा। इस बाबत नोएडा कमिश्नरेट की ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
आपको बता दें कि राष्ट्रीय पर्व गतणतंत्र दिवस (26 जनवरी) को लेकर देश की राजधानी दिल्ली में भव्य तैयारी की जा रही है। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में भव्य परेड का आयोजन किया जाता है। 23 जनवरी 2024 को दिल्ली में गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल की जाएगी। जबकि 26 जनवरी को सुबह आठ बजे से परेड शुरू होगी।
नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि 23 जनवरी को होने वाली फुल ड्रेस परेड को लेकर 22 जनवरी की रात दस बजे से 23 जनवरी को कार्यक्रम समाप्ति तक तथा 25 जनवरी 2024 की रात 10 बजे से 26 जनवरी 2024 को कार्यक्रम समाप्ति तक नोएडा, ग्रेटर नोएडा (जनपद गौतमबुद्धनगर) से दिल्ली राज्य में प्रवेश कर अन्यंत्र जाने वाले मालवाहक (भारी, मध्यम व हल्के) वाहनों का सुरक्षा के दृष्टिकोण से दिल्ली राज्य में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह वाहन निम्ना मार्गों का प्रयोग कर अपने गन्तव्य की ओर जा सकेंगे-
1- चिल्ला रेड लाइट (बॉर्डर) से दिल्ली राज्य प्रवेश कर अन्यत्र जाने वाले वाहन चिल्ला रेड लाइट से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गन्तव्य की ओर जा सकेंगे।
2- डीएनडी (बॉर्डर) से दिल्ली राज्य में प्रवेश कर अन्यत्र जाने वाले वाहन डीएनडी टोन प्लाजा से यू-टर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गन्तव्य की ओर जा सकेंगे।
3- कालिन्दी कुंज यमुना (बॉर्डर) से दिल्ली राज्य में प्रवेश कर अन्यत्र जाने वाले वाहन यमुना नदी से पहले अण्डरपास तिराहा से डायवर्ट किये जायेंगे, जो नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गन्तव्य की ओर जा सकेंगे।
4-यमुना एक्सप्रेस-वे से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे होकर दिल्ली राज्य में प्रवेश कर अन्यत्र जाने वाले वाहन जीरो प्वाईन्ट से परीचौक की ओर डायवर्ट किये जायेगे जो ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर अपने गन्तव्य की ओर जा सकेंगे।
नोटः- उपरोक्त के अतिरिक्त आवश्यकतानुसार अन्य वाहनों का डायवर्जन भी किया जा सकता है। रुट डायवर्जन के समय आपातकालीन वाहनों को सकुशल गन्तव्य को भेजा जायेगा। यातायात असुविधा उत्पन्न होने पर यातायात हेल्प लाइन नम्बर 9971009001 पर सम्पर्क कर सकते है। कृपया असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गाें का प्रयोग करे।