
Noida: अगर आप ई-कॉमर्स साइट से ऑनलाइन सामान मंगवा रहे हैं तो सावधान हो जाइए ऐसा ना हो कि आपको महंगे सामान की जगह केवल खाली डब्बा ही मिले। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने एक ऐसे ही मामले का खुलासा कर डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी फ्लिपकार्ट कंपनी के ऑनलाइन डिलीवरी आर्डर का सामान चोरी कर उनके खाली डिब्बों को यह कहकर कंपनी को वापस कर देता था कि ग्राहक नहीं मिला।
थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने बताया कि एक व्यक्ति ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी ईस्टकार्ड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। यह कंपनी ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के लिए डिलीवरी का काम करती है। उनकी कंपनी में कार्यरत डिलीवरी ब्वॉय कुलदीप डिलीवरी के लिए दिए गए आर्डर के सामान को ग्राहकों को नही दिया और डिब्बों से सामान निकाल लिया। कुलदीप ने यह कहकर खाली डब्बे कंपनी में जमा करा दिए कि ग्राहक नहीं मिला है। पीडि़त की शिकायत मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल के बाद सेक्टर-63 के पास से कुलदीप सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी छिजारसी को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह ग्राहकों को डिलीवर करने के लिए मिले डिब्बों को खोल कर उसमें से कीमती सामान निकाल लेता था। इसके बाद खुले डिब्बों को पैक कर वापस कंपनी में जमा करवा देता था। उसने कंपनी के साथ-साथ कई ग्राहकों को भी इसी तरह का चूना लगाया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।