दीपावली और छठ पूजा से पहले गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने लोगों के लिए विशेष सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। त्योहारों के दौरान छोटी सी लापरवाही बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। पटाखे जलाने, बिजली की सजावट और आगजनी से बचने के लिए प्रशासन ने कई जरूरी निर्देश दिए हैं। जानिए पूरी जानकारी।

Noida News : दीपावली और छठ पूजा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए गौतमबुद्धनगर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने लोगों को आगजनी, बिजली से होने वाले हादसों और वायु प्रदूषण को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए कंट्रोल रूम के दो नंबर भी जारी किए गए हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रत्येक नागरिक अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखे। किसी भी अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया पर साझा न करें और आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल प्रशासन को सूचना दें।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। दीपक और मोमबत्तियों को पर्दों, कपड़ों, कागज और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं से दूर रखने को कहा गया है। घरों और दुकानों में जलते दीपक या मोमबत्तियों को अकेला छोड़कर न जाएं। पटाखे केवल खुले और सुरक्षित स्थानों पर जलाएं। संकरी गलियों, बाजारों, पार्किंग स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आतिशबाजी न करें। पटाखे जलाते समय पानी से भरी बाल्टी, रेत और अग्निशमन उपकरण पास रखें। बच्चों को किसी जिम्मेदार वयस्क की निगरानी में ही पटाखे जलाने दें। प्रशासन ने पटाखों को हाथ में पकड़कर जलाने और न चलने वाले पटाखों को दोबारा जलाने की कोशिश न करने की भी हिदायत दी है। पटाखों को गैस सिलेंडर, रसोईघर, पेट्रोल पंप और ज्वलनशील पदार्थों के पास रखने से बचें।
दीपावली पर घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में सजावटी लाइटों का इस्तेमाल करते समय अच्छी गुणवत्ता वाले प्रमाणित उपकरणों का ही प्रयोग करें। खुले बिजली के तारों, खराब प्लग, ओवरलोडेड एक्सटेंशन बोर्ड और अस्थायी विद्युत कनेक्शन से बचने की सलाह दी गई है। बिजली के उपकरण इस्तेमाल नहीं होने पर मुख्य स्विच बंद कर दें। बिजली के तारों और उपकरणों के आसपास पटाखे न जलाएं। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की स्थिति में पानी का इस्तेमाल न करें। सबसे पहले सुरक्षित तरीके से बिजली की आपूर्ति बंद कराएं और उचित अग्निशमन उपकरण का उपयोग करें।
प्रशासन ने नागरिकों से पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने और निर्धारित न्यायालयीय दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पटाखों से निकलने वाला धुआं और तेज आवाज बच्चों, बुजुर्गों तथा सांस संबंधी बीमारियों से प्रभावित लोगों के लिए परेशानी पैदा कर सकती है। पटाखे जलाने के बाद निकलने वाले कचरे को सड़कों, नालियों और खुले स्थानों पर न फेंकें। प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील कचरे को खुले में जलाने से भी बचें।
अपर जिलाधिकारी अजीत कुमार सिंह ने कहा कि आगजनी, दुर्घटना या बिजली से जुड़े हादसे की स्थिति में सबसे पहले खुद को और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं। घटनास्थल पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं, ताकि राहत और बचाव कार्य में बाधा न आए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें। प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी को ही सही मानें।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने किसी भी आपातकालीन स्थिति, दुर्घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने के लिए जिला आपातकालीन कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए हैं।
- 0120-2978231
- 0120-2978232
प्राधिकरण ने जनपद के नागरिकों, व्यापारियों, आवासीय सोसायटियों, बाजार समितियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सामूहिक जागरूकता और सतर्कता से त्योहारों के दौरान आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
विज्ञापन