जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का संचालन किया जा रहा है। इस दौरान बीएलओ को घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन करने और निर्धारित प्रपत्र भरवाने का निर्देश दिया गया था।

गौतम बुद्ध नगर जिले में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान में भारी अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नोएडा में मतदाता सूची सत्यापन को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने बड़ा एक्शन लेते हुए 60 बीएलओ और 7 सुपरवाइज़रों के खिलाफ FIR दर्ज कराने का आदेश दिया है।
नोएडा के अलग-अलग थानों में दर्ज कराई गई इन FIR में अधिकारियों पर काम में लापरवाही, उदासीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़ा यह कार्य अत्यंत संवेदनशील है और इसमें किसी भी स्तर की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का संचालन किया जा रहा है। इस दौरान बीएलओ को घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन करने और निर्धारित प्रपत्र भरवाने का निर्देश दिया गया था।
लेकिन नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों से यह शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ बीएलओ या तो क्षेत्र में पहुंचे ही नहीं या फिर अधूरी रिपोर्ट जमा कर रहे थे। कई कर्मचारियों ने निगरानी टीमों के निर्देशों का पालन भी नहीं किया। इन लगातार अनदेखियों के बाद डीएम मेधा रूपम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मतदाता सूची का अपडेट समय पर और सही ढंग से होना अनिवार्य है, और जो भी कर्मचारी नियमों का पालन नहीं करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जिला प्रशासन अब रोजाना समीक्षा कर रहा है और चेतावनी दी है कि आगे भी किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।