
Noida News: नोएडा/लखनऊ (चेतना मंच)। गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी पैराओलंपिक खिलाड़ी सुहास एलवाई को आज उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सर्वोच्च खेल सम्मान लक्ष्मण अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदान किया।
बता दें कि जिलाधिकारी सुहास एल.वाई. को यह अवार्ड वर्ष 2021-22 दिव्यांगजन वर्ग में प्रदान किया गया। उल्लेखनीय है कि सुहास एल.वाई. ने टोक्यो में आयोजित पैरालंपिक में बैडमिंटन प्रतियोगिता में देश के लिए रजत पदक जीता था। इसके अलावा वह राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के भी कई पदक जीत चुके हैं।
लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में आज उत्तर प्रदेश दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें यह अवार्ड दिया। जिसमें उन्हें कांस्य की प्रतिमा के साथ प्रशस्ति-पत्र तथा 3 लाख 11 हजार रूपये की धनराशि प्रदान की गई।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल, राज्य के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, एमएसएमई विभाग के मंत्री राकेश सचान, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद यादव आदि मौजूद थे।
पहला कदम ही मददगार होता है : सुहास अवार्ड लेने के बाद गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने कहा कि खेल जगत का सर्वोच्च पुरस्कार लक्ष्मण अवार्ड पाकर मैं काफी खुशी तथा गर्व महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि इसके लिए 'मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता का आभारी हूं।' उन्होंने कहा 'मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि मुझे इतनी और शक्ति दे, कि मैं प्रदेश की जनता की सेवा कर सकूं तथा खेल जगत में और भी बेहतर प्रदर्शन करके देश का नाम रोशन कर सकूं' उन्होंने लोगों से अपील की है कि आप अपने लक्ष्य की ओर पहला कदम जरूर बढ़ाएं, यही पहला कदम आपके मंसूबों को परवान चढ़ाने में मददगार साबित होगा।
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें। News uploaded from Noida #ChetnaManch #चेतनामंच