
Noida News : (चेतना मंच)। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। आए दिन चोर लाखों रुपए के वाहनों पर हाथ साफ कर रहे हैं। वहीं पुलिस कार्यप्रणाली का आलम यह है कि पीडि़तों को मुकदमा दर्ज कराने के लिए थानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। कई मामलों में तो पीडि़तों को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अदालत का सहारा लेना पड़ा है। गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से वाहन चोर दो ई-रिक्शा सहित 9 वाहनों को चोरी कर ले गए हैं।
ग्राम किशोर निवासी राम सजन मौर्या ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत 20 फरवरी को वह सोम बाजार में सब्जी बेच रहा था। उसने अपना ई-रिक्शा लोडर सेक्टर 53 कंचनजंगा अपार्टमेंट के पास खड़ा किया था। रात्रि में जब वह ई-रिक्शा लेने पहुंचा तो वह गायब मिला। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। कई बार थाना सेक्टर 24 के चक्कर काटने के बाद भी उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई। इसके बाद उसने न्यायालय में वाद दायर किया और चोरी का मुकदमा दर्ज कराने की गुहार लगाई। न्यायालय के निर्देश पर थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ वाहन चोरी का मामला दर्ज हुआ है।
थाना दादरी क्षेत्र के एचडीसीएस बैंक के कर्मचारी अनिल कुमार की बाइक बैंक के बाहर से चोरी हो गई। चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। इसी थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी से सोनू का ई-रिक्शा चोरी हो गया। थाना बीटा-2 क्षेत्र के सेक्टर बीटा-1 से अंकुर तिवारी की बाइक पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। थाना कासना क्षेत्र के काशीराम हॉस्पिटल के बाहर से सुमित धामा तथा कस्बे से लाखन सिंह की बाइक चोरी हो गई।
वहीं थाना सूरजपुर कचहरी में अपने वकील से मिलने आए राशिद मलिक की बाइक पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर 62 से चोरों ने जतिन बब्बर की स्कूटी चोरी कर ली। थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-71 से सुमित की बाइक तथा थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के श्री राम हॉस्पिटल के सामने से दयाशंकर की बाइक चोरी हो गई। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। Noida News