
नोएडा में अपने अपहरण का झूठा नाटक कर अवैध रूप से 5 लाख रुपए की उगाही करने के प्रयास में आरोपी को थाना फेज-3 पुलिस ने मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। Noida News
ग्राम गढ़ी चौखंडी की एक महिला ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पति का अपहरण कर लिया गया है और उन्हें छुड़ाने के एवज में 5 लाख रुपए की मांग की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कथित अपहरण में शामिल लोग महिला और उसके पति के परिचित थे। जांच के दौरान यह सामने आया कि दशरथ साहू और कुसुम तथा उसके पति के बीच पहले भी विवाद हुआ था। दशरथ ने उनसे 5 लाख रुपए की मांग की थी, जिसे देने से इनकार करने पर उसने अपहरण और जान से मारने की धमकी देने का झूठा आरोप रचा।
कुछ समय बाद, दशरथ साहू अपने घर से गायब हो गया और उसने अपनी पत्नी को व्हाट्सएप मैसेज कर बताया कि उसका अपहरण कुसुम और उसके पति द्वारा कराया गया है और उसे छुड़ाने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की जा रही है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलेंस का इस्तेमाल करते हुए पता लगाया कि दशरथ मथुरा में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे मथुरा से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दशरथ साहू ने स्वीकार किया कि उसने अपने अपहरण का नाटक रचा और अपनी पत्नी को झूठी जानकारी भेजी ताकि कुसुम और उसके पति को फंसाया जा सके। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। Noida News