
Noida News : भारतीय किसान परिषद ने प्रदेश सरकार व नोएडा प्राधिकरण पर आरोप लगाया है कि इंवेस्टर समिट- 2023 की आड़ में किसानों के हक की जमीन उद्योगपतियों को बेची जा रही है। नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में भारतीय किसान परिषद के सदस्यों ने राज्य सरकार व नोएडा प्राधिकरण को किसानों के मुददों पर कटघरे में खड़ा किया।
परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पिछले साल नोएडा प्राधिकरण पर हुए धरने के बाद जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए करार कि किसी भी बिंदु को अब तक लागू नहीं किया गया है। बोर्ड मीटिंग में आबादी के मुद्दे जिसमें 450 मीटर से 1000 मीटर तथा 10 प्रतिशत प्रतिकर के मुद्दे को आज तक शासन स्तर पर नोएडा प्राधिकरण में सरकार द्वारा लंबित रखा गया है। कमर्शियल एक्टिविटी तथा गैर पुश्तैनी लोगों को आबादी का लाभ देने के लिए नियमावली के मुद्दे को भी लंबित रखा जा रहा है।
सुखबीर खलीफा ने आरोप लगाया कि लगभग लाखों मीटर जमीन उद्योगपतियों को बेच दी गई है। पूरे भारत में कॉर्पोरेट को जमीन देने के लिए इन्वेस्टर समिट 2023 का आयोजन किया जा रहा है जिसमें नोएडा एक अग्रणी भागीदार के रूप में काम कर रहा है। परंतु दूसरी तरफ आज तक किसानों की 10 प्रतिशत भूमि प्लॉट के रूप में आवंटित नहीं की गई है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अगले कुछ दिनों में उनके रवैया में कोई परिवर्तन नहीं आता तो जिन देशों में नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी घूमने गए थे उनके राजदूतों को पत्र लिखकर किसानों के साथ हो रहे अत्याचार से अवगत कराया जाएगा। साथ ही साथ जिन कॉर्पोरेट हाउस के साथ मीटिंग की जा रही है उनको भी पत्राचार के माध्यम से किसानों के विरोध से अवगत कराया जाएगा।
प्रवक्ता सुधीर चौहान ने बताया कि जल्द ही एक किसान बचाओ यात्रा निकाली जाएगी जिसमें लाखों किसानों को जोडऩे की कवायद शुरू होगी और अगर हमारी समस्याओं का समाधान नहीं निकलता है तो यह लाखो किसान जनसमूह के रूप में नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ सडक़ पर निकलने के लिए मजबूर होंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय किसान परिषद के मीडिया प्रभारी अशोक चौहान तथा विभिन्न ग्रामों के प्रधान जिनमें मुख्यता सुरेंद्र प्रधान सदरपुर, जयवीर प्रधान बहलोलपुर, चरण सिंह प्रधान वाजिदपुर, सूरज प्रधान शाहपुर गोवर्धनपुर, संजय प्रधान , आशीष चौहान सचिन अमाना प्रवीण चौहान, भरत भाटी उपस्थित रहे।