
Noida News : होशियारपुर गांव में बने टेंट गोदाम में बीती रात आग लग गई। आग लगने के बाद गोदाम में रखे कई गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गए। तेज धमाके की वजह से होशियारपुर गांव व पड़ोस के सेक्टर 51 में रहने वाले लोगों में दहशत व्याप्त हो गई।
होशियारपुर गांव में अरुण शर्मा का हरि टेंट हाउस के नाम से गोदाम है। बीती रात वह अपने गोदाम को बंद कर घर चले गए थे। रात्रि करीब 1:30 बजे गोदाम में रखे शामियाने ने आग पकड़ ली, थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम से आग की तेज लपटें उठने लगी। इस दौरान गोदाम में रखे दो एलपीजी गैस के सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गये। धमाकों से होशियारपुर गांव और सेक्टर 51 के लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड कर्मियों को फोन किया मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप चौबे ने बताया कि गोदाम में शामियाना, प्लास्टिक की कुर्सियां व अन्य सामान रखा हुआ था। इस कारण यहां तेजी से आग फैल गई। गोदाम में कई आधे भरे हुए एलपीजी सिलेंडर रखे हुए थे जिनमें से दो आग की चपेट में आकर फट गए थे। अन्य सिलेंडरों को दमकल कर्मियों ने गोदाम से बाहर निकाल लिया था उन्होंने आशंका जताई कि संभवत शार्ट सर्किट की वजह से गोदाम में आग लगी है।
सेक्टर 51 आरडब्लूए के महासचिव संजीव कुमार ने इस घटना पर रोष जताते हुए कहा कि रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से टेंट और जनरेटर के गोदाम नोएडा के अधिकतर गांव में सड़कों के समीप बने हुए हैं। जिस कारण सेक्टर वासियों की समस्या भी बढ़ रही है। इस तरह के गोदामो से कभी भी इस प्रकार की दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के गोदाम रिहायशी क्षेत्र से बाहर बनाए जाने चाहिए।
इनके अलावा सेक्टर के पास कि गांव की जमीन पर मॉल और शॉपिंग सेंटर खुल चुके हैं। इन मॉल व शॉपिंग सेंटरों में संचालक के पास फायर विभाग की एनओसी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए फायर विभाग से एनओसी लेने की अनिवार्यता की जानी चाहिए, जिससे इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सके।