Noida: शहीद-ए-आजम भगत सिंह के नाम पर होगा एफओबी का नामकरण
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 06:01 PM
Noida : नोएडा। शहीद ए आजम भगत सिंह के नाम पर सेक्टर-150 में फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का नामकरण किया जाएगा। इसके अलावा यहां पर एक आर्ट गैलरी भी बनाई जाएगी जहां पर भगत सिंह से जुड़ी घटनाओं व उनकी जीवनी से जुड़े संस्मरण की कलाकृतियां भी उकेरी जाएगी। नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) इंदु प्रकाश सिंह ने उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश की महान विभूतियों के नाम पर विभिन्न (एफओबी) का नामकरण तथा गैलरी बनाए जाने का प्राधिकरण ने निर्णय लिया है। सीईओ ने इन योजनाओं को हरी झंडी प्रदान कर दी है।
उन्होंने कहा कि 23 मार्च को सेक्टर 150 एफओबी का नामकरण शहीद ए आजम भगत सिंह के नाम पर किया जाएगा। बता दें कि पास में ही स्थित नलगड़ा गांव का संबंध शहीद भगत सिंह से रहा है। वे यहां पर आकर ठहरे थे तथा अंग्रेजों के खिलाफ अपनी रणनीति भी बनाई थी। श्री सिंह ने बताया कि इसी कड़ी में कुछ दिन पूर्व देश की पाश्र्व गायिका लता मंगेशकर के नाम से फिल्मसिटी में फुट ओवरब्रिज का नामकरण किया गया था। शीघ्र ही वहां पर उनकी यादों से जुड़ी एक गैलरी भी स्थापित की जाएगी।