
Noida News (चेतना मंच)। सीबीआई के एक रिटायर्ड अधिकारी के साथ जालसाजों ने धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया है। आरोपियों ने रिटायर्ड अधिकारी से प्लॉट देने के नाम पर 48 लाख रुपये हड़प लिए। इस संबंध में 6 लोगों के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सीबीआई के रिटायर्ड अधिकारी विजय नारंग ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने वर्ष 2015 में बरौला गांव निवासी सोनू शर्मा, किशनपाल शर्मा, कुलदीप शर्मा, हिना शर्मा, सौरव शर्मा व आयुष शर्मा से सेक्टर-112 में एक प्लॉट खरीदने का सौदा किया था। प्लॉट की एवज में उन्होंने आरोपियों को 48 लाख रुपये का भुगतान कर रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करा लिया था।
विजय नारंग का आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद आरोपी उनके नाम प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं कर रहे हैं। इस संबंध में जब उन्होंने आरोपियों से बात की तो उन्होंने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।