
Noida News / ग्रेटर नोएडा चेतना मंच। ग्रामीण क्षेत्रों से दुधारू पशुओं को चोरी करने वाले गिरोह के 9 सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। थाना बादलपुर पुलिस ने इस गिरोह के सदस्यों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
थाना बादलपुर प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में गत 25 जनवरी को दुजाना खेड़ा व 2 फरवरी को ग्राम हाथीपुर खेड़ा से दुधारू पशुओं के चोरी होने की घटना हुई थी।
पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल के बाद रोहित उर्फ राहुल पुत्र सतीश, बबलू उर्फ प्रवीण पुत्र मोहन, ललित पुत्र प्रीतम सिंह, बबलू पुत्र जगदीश, प्रवीण पुत्र पीतम, अंग्रेज पुत्र रामचरण, रविंद्र उर्फ पंकज उर्फ पंछी पुत्र जयप्रकाश, राकेश पुत्र जयप्रकाश, हंसराज पुत्र सुखपाल को गिरफ्तार किया था।
इनके पास से चोरी के तीन दुधारू पशु भी बरामद हुए थे। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया था। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी संगठित गिरोह बनाकर दुधारू पशुओं को चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों का गैंग चार्ट तैयार कर इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।