Noida : गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने नष्ट कराई 3 करोड़ 60 लाख की शराब
Noida News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 06:02 PM
Noida : न्यायालय के निर्देश पर कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने जब्त की गई 61 हजार लीटर देसी व अंग्रेजी शराब को नष्ट किया है। नष्ट की गई शराब की कीमत करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपये है। तस्करों द्वारा यह शराब हरियाणा, दिल्ली, अरुणाचल सहित अन्य प्रांतों से तस्करी कर लाई गई थी जिसे पुलिस ने जब्त किया था।
Noida News
एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि थाना सेक्टर 39 के मालखाने में रखी हुई 3372 लीटर शराब को नष्ट कराया गया है। नष्ट कराई गई शराब की बाजारू कीमत 2 करोड़ 70 लाख रुपये है। थाना सेक्टर 39 पुलिस ने यह शराब वर्ष 2016 से वर्ष 2022 के बीच पंजीकृत 268 अभियोग में जब्त की थी। उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर 20 पुलिस द्वारा भी जब्त की गई 29963 लीटर शराब को नष्ट किया गया है। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये है। यह शराब वर्ष 2015 से वर्ष 2022 तक थाने में पंजीकृत हुए 394 अभियोगों में जब्त की गई थी। वही थाना सेक्टर 63 पुलिस ने 19 अभियोगों में जब्त की गई 721 लीटर शराब को नष्ट कराया है। इस शराब की कीमत करीब ढाई लाख रुपये है।
एडीसीपी ने बताया कि न्यायालय के निर्देश के बाद जब्त शराब को पुलिस अधिकारियों के समक्ष जेसीबी की मदद से नष्ट करा कर खड्डे में दबाया गया है। पिछले करीब 6 सालों से थानों के मालखानों में बड़े पैमाने पर रखी गई यह शराब ना केवल जगह घेर रही थी बल्कि थाने में इसकी दुर्गंध भी आती थी। बता दें कि कमिश्नरेट पुलिस के थानों में पिछले काफी समय से विभिन्न मामलों में जब्त की गई अवैध शराब मालखानों में रखी हुई है। न्यायालय के निर्देश पर मालखानों में रखे जब्त सामान को नष्ट कराया जा रहा है। कमिश्नरेट पुलिस ने 3 दिन पूर्व भी 28244 लीटर शराब को नष्ट किया था। इस शराब की कीमत करीब 46 लाख रुपये थी।