
Noida News (चेतना मंच)। ट्रक में बकरे बकरियों भरकर बेचने के लिए ले जा रहे 7 लोगों को थाना सेक्टर 20 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने ट्रक में ठूंस ठूंस कर भरे गए 107 बकरे बकरियों को भी बरामद किया है।
थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ट्रक में बकरे बकरियों को बेरहमी से भरकर ले जा रहे हैं और उनकी हालत बेहद खराब है। सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर 17 स्थित बीएचईएल टाउनशिप के पास एक ट्रक को जांच के लिए रोक लिया।
ट्रक की जांच करने पर ट्रक में बड़ी संख्या में बकरे और बकरियां भरे हुए थे। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत ट्रक में सवार अमित कुमार पुत्र कुमार सेन, लक्ष्मण पुत्र राजवीर, अरुण पुत्र राधेश्याम, दिलीप पुत्र राधेश्याम, अनुज पुत्र राधेश्याम, आफताब पुत्र बाटा मियां, दिनेश पुत्र पूरन लाल निवासी मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह इन पशुओं को बेचने के लिए दिल्ली की गाजीपुर मंडी लेकर जा रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।