विज्ञापन
नोएडा में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती वारदातें और अपराधियों का बढ़ता दुस्साहस आम लोगों में असुरक्षा की भावना को और अधिक गहरा कर रहा है।

Noida News : नोएडा में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती वारदातें और अपराधियों का बढ़ता दुस्साहस आम लोगों में असुरक्षा की भावना को और अधिक गहरा कर रहा है। ऐसे संवेदनशील समय में पत्रकारिता की भूमिका केवल घटनाओं के विवरण तक सीमित नहीं रह जाती, बल्कि उसका दायित्व और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। हमारा प्रयास किसी भी प्रकार की सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि तथ्यों, जमीनी रिपोर्टिंग और निष्पक्ष विश्लेषण के आधार पर उन मुद्दों को उजागर करना है, जो सीधे जनता की सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़े हैं। हमारा मानना है कि सवाल उठाना पत्रकारिता की कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी सबसे मजबूत पहचान है। एक स्वतंत्र और जिम्मेदार मीडिया ही लोकतंत्र को मजबूत बनाती है और व्यवस्था में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाती है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के तुगलपुर हल्द्वाना स्थित एक केले के गोदाम में बुधवार तडक़े करीब 3:15 बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की नॉलेज पार्क यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए सहायता के लिए ग्रेटर नोएडा, इकोटेक और यमुना एक्सप्रेसवे फायर स्टेशनों से भी दमकल वाहन घटनास्थल पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने समन्वित प्रयास करते हुए आग पर काबू पाया और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तुगलपुर हल्द्वाना में स्थित केले का गोदाम मैनपुरी निवासी सुरेंद्र यादव का है। आग गोदाम के अंदर लगी थी, जबकि उसके पास एक ऑटो भी खड़ा था। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (ष्टस्नह्र) प्रदीप चौबे ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फायर सर्विस की मुस्तैदी और समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया तथा आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित रखा जा सका। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के तहत थाना जेवर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए 37 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। यह अभियान पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी/एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान थाना जेवर क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर जांच की गई, जहां शराब, हुक्का एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन करते पाए गए कुल 37 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब, हुक्का अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे सामाजिक वातावरण और सार्वजनिक शांति भी प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। थाना जेवर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करें तथा क्षेत्र में शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। भारत सरकार में बतौर सहायक सचिव तैनात 6 आईएएस अफसर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, आईआईटीजीएनएल की स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप, मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब (एमएमटीएच) और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब (एमएमएलएच) का अध्ययन करने मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचे। इन अफसरों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार, एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ प्रेरणा सिंह के साथ बैठक कर टाउनशिप और एमएमएलएच-एमएमटीएच के बारे में जानकारी प्राप्त की।
भारत सरकार में बतौर सहायक सचिव तैनात 6 आईएएस अफसर आयूषी प्रधान, बेंजो पी. जोस, फडतरे अनितेश अशोक, प्रिया रानी, सलोनी छाबड़ा, जुफिशन हक मंगलवार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने औद्योगिक विकास प्राधिकरणों में जमीन अधिग्रहण से लेकर विकास कार्यों तक के बारे में जानकारी और अपने अनुभव साझा की। सीईओ ने कहा कि किसानों से जमीन लेकर उद्योगों को देने के पीछे मुख्य मकसद रोजगार और निवेश है, ताकि यहां के युवाओं को जीवकोपार्जन का एक जरिया बन सके। उन्होंने इन छह अफसरों को रोजगार सृजन की दिशा में कार्य करने की सीख दी। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ प्रेरणा सिंह ने स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप और मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब के बारे में जानकारी दी। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में अब तक 30 से अधिक बड़ी कंपनियों को जमीन आवंटित किया गया है। इनमें से हायर जैसी बड़ी कंपनियां फंक्शनल हो चुकी हैं। ये कंपनियां अब तक लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश और लगभग 23 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार भी दे रहीं हैं। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने टाउनशिप में ऑटोमेटिक वेस्ट कलेक्शन सिस्टम, 24 घंटे बिजली-पानी और सुरक्षा सिस्टम पर जानकारी दी। मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के अंतर्गत रेल, मेट्रो और बस टर्मिनल विकसित किए जाने के बारे में भी बताया। इन अफसरों के समक्ष इंफ्रास्ट्रक्चर और परियोजनाओं पर प्रस्तुतिकरण भी दिया गया। इसके बाद मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया। इस दौरान आईआईटीजीएनएल की टीम भी मौजूद रहे। Noida News
नोएडा (चेतना मंच)। नोएडा में सफाईकर्मियों की हड़ताल का असर दिखने लगा है। स्मार्ट और मेट्रो सिटी के रूप में पहचान बना चुका नोएडा इन दिनों कूड़ा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था से जूझ रहा है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर के अधिकांश सेक्टरों में कूड़े के ढेर लग गए हैं। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सेवा पूरी तरह प्रभावित होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। शहर में कई जगह जमा कूड़ा बदबू फैला रहा है। आपको बता दें कि अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ और अखिल भारतीय सफाई मजदूर परिषद के बैनर तले करीब 1500 सफाई कर्मचारी सेक्टर-8 में हड़ताल पर बैठे हैं। कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है, जिसका सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। कई सेक्टरों में दो दिनों से कूड़ा नहीं उठाया गया है, जिससे सडक़ किनारे और कूड़ा संग्रहण स्थलों पर कचरे के ढेर लग गए हैं। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के नगर अध्यक्ष साधु मकवाना ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में मृतक 12 कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी देना और वेतन को ग्रेटर नोएडा के सफाई कर्मचारियों के समान करना शामिल है। उनका कहना है कि अब तक प्राधिकरण का कोई अधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचा है। उधर, निवासियों का आरोप है कि कूड़ा उठाने के शुल्क बढ़ाए जाने के बावजूद व्यवस्था लगातार चरमराती जा रही है। एनवारी इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी द्वारा संचालित डोर-टू-डोर सेवा हड़ताल के कारण ठप पड़ी है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 क्षेत्र में बुधवार को सुबह कथित तौर पर एक तेज रफ्तार एंडेवर कार ने जमकर कहर बरपाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनियंत्रित कार ने पहले कई वाहनों को टक्कर मारी और फिर सडक़ किनारे पेड़ के नीचे बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में कुछ लोग चोटिल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक हादसे में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। हादसा ग्रेटर नोएडा के अल्फा-2 सेक्टर में हुआ है। Noida News
विज्ञापन