विज्ञापन
Noida-Greater Noida Crime : नोएडा-ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े अपराध बढ़ रहे हैं। अपराधी बेखौफ वारदातें करके फरार हो जा रहे हैं। चेतना मंच अब हरअपराध की सच्ची और ताज़ा खबर आपको निर्भीकता से पहुंचाएगा।

Noida-Greater Noida Crime : नोएडा-ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े अपराध बढ़ रहे हैं। अपराधी बेखौफ वारदातें करके फरार हो जा रहे हैं। चेतना मंच अब हरअपराध की सच्ची और ताज़ा खबर आपको निर्भीकता से पहुंचाएगा। नई पहल — रोजाना एक जगह, सभी महत्वपूर्ण अपराध खबरें: -
सिक्योरिटी गार्ड के साथ युवकों ने की मारपीट
ग्रेटर नोएडा। थाना बादलपुर क्षेत्र के छपरौला में तीन युवकों ने एक सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पीडि़त गार्ड ने जब अपने मकान मालिक को पूरी घटना बताई तो आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी।
मूल रूप से जनपद जौनपुर के रहने वाले लालचंद ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह नोएडा एक्सटेंशन में गार्ड की नौकरी करता है और छपरौला में संजय यादव के मकान में किराए पर रह रहा है। शाम के समय वह ड्यूटी खत्म कर अपनी साइकिल से अपने कमरे पर आ रहा था। लालचंद के मुताबिक जब वह अंकित त्यागी के मकान के पास पहुंचा तो वहां खड़े अंकित त्यागी, नीटू त्यागी, सोनू व उनके एक अज्ञात साथी ने उसे रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। उसने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ लाठी डंडों व लोहे की रॉड से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। लालचंद के मुताबिक किसी तरह वह अपने कमरे पर पहुंचा और मकान मालिक संजय यादव को घटना की जानकारी दी। पीडि़त के मुताबिक आरोपियों ने उसके मकान मालिक के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
चार बाइक व स्कूटी पर हाथ साफ
ग्रेटर नोएडा। अलग-अलग स्थानों से वाहन चोरों ने चार बाइक व एक स्कूटी पर हाथ साफ कर दिया। पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जितेंद्र कुमार ने थाना सूरजपुर में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 21 अप्रैल को हरिराम पैलेस दादरी में एक शादी समारोह में सम्मिलित होने के लिए गया था। उसने अपनी बाइक समारोह स्थल के बाहर खड़ी कर दी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी बाइक गायब थी।
थाना फेस-3 में हिमालय एनक्लेव खोड़ा कॉलोनी निवासी शमीम अहमद ने अपनी बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि 21 अप्रैल की रात्रि को वह सेक्टर-71 के बारात घर में शादी में सम्मिलित होने के लिए आया था। बारात घर के बाहर से चोरों ने उसकी बाइक को चोरी कर लिया।
थाना सेक्टर-58 में मंडावली दिल्ली निवासी हिमांशु ध्यानी ने अपनी बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हिमांशु ध्यानी ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-62 की एक कंपनी में काम करता है। 15 अप्रैल की रात्रि को वह ड्यूटी पर आया था और अपनी बाइक कंपनी के गेट के बाहर खड़ी कर दी। सुबह शिफ्ट खत्म करने के बाद जब वह बाहर आया तो उसकी बाइक गायब थी।
थाना बीटा दो में राहुल रघुवंशी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह मिग्सन अल्टीमो ओमिक्रोन 3 में अपने परिवार के साथ रह रहा है। 17 अप्रैल की शाम को उसने अपनी स्कूटी सोसाइटी की पार्किंग में खड़ी की थी। अगले दिन जब वह स्कूटी लेने पहुंचा तो उसकी स्कूटी गायब थी।
थाना नॉलेज पार्क में देवला सूरजपुर के रहने वाले रमेश चंद्र ने अपनी बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़त ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 9 अप्रैल की शाम को वह परी चौक मेट्रो स्टेशन से कुछ आगे लघु शंका करने के लिए रुका था। लघु शंका करने के बाद जब वापस आया तो उसकी बाइक गायब थी। पुलिस का कहना है कि पीडि़तों की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
युवक पर घर में चोरी का आरोप
ग्रेटर नोएडा। थाना रबूपुरा में एक व्यक्ति ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ घर से दो लाख रुपए, मोबाइल फोन, कलाई घड़ी चोरी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम मोहम्मदाबाद खेड़ा निवासी सौरभ शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 22 अप्रैल की देर रात्रि को गांव का ही रहने वाला पंकज राजपूत उनके घर में घुस आया और उनकी स्प्लेंडर बाइक चोरी करने की कोशिश की। बाइक चोरी करने में विफल होने पर उसने उनके घर का ताला तोड़ दिया। इसके बाद घर में रखें संदूक का ताला तोडक़र वह दो लाख रुपए, मोबाइल फोन तथा एचएमटी कलाई घड़ी को चोरी कर ले गया। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
कार से लैपटॉप व सामान चोरी
नोएडा। थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में चोरों ने जाम में फंसे एक व्यक्ति की कार से लैपटॉप व अन्य सामान चोरी कर लिया। पीडि़त ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी आलोक कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 24 अप्रैल की रात्रि को वह अपनी कार से सिटी सेंटर की तरफ से सेक्टर 34 मेट्रो स्टेशन की तरफ जा रहा था। सेक्टर 35 के पास ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। आलोक कुमार के मुताबिक जाम की वजह से उसने अपनी कार के शीशे खोल रखे थे। जाम के कारण उसका ध्यान भटक गया जिसका फायदा उठाते हुए किसी चोर ने उसकी कार की सीट पर रखा लैपटॉप बैग निकाल लिया। लैपटॉप बैग में बैंक के क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और ऑफिस के अन्य जरूरी कागजात थे। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर अज्ञात बदमाश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
तीन किशोरियां घर से लापता
नोएडा। अलग-अलग स्थान से तीन किशोरियां घर से बिना बताए चली गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के बरौला गांव में किराए पर रहने वाले मुकेश (काल्पनिक नाम) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 21 अप्रैल की रात्रि को उनकी 15 वर्षीय बेटी घर से बिना बताए चली गई। काफी देर बाद जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला।
बरौला में ही किराए पर रहने वाले मनोज (काल्पनिक नाम) ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 22 ,23 अप्रैल की मध्य रात्रि को उनकी 16 वर्षीय बेटी घर से बिना बताए चली गई। बेटे के लापता होने पर उन्होंने आसपास, रिश्तेदारी और सभी संभावित स्थानों पर उसे तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं चला।
थाना फेस 1 क्षेत्र के सेक्टर 2 में रहने वाले रमेश (काल्पनिक नाम) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 23 अप्रैल को उनकी 13 वर्षीय बेटी स्कूल से टी सी लाने के लिए घर से गई थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। बेटी के घर ना आने पर उन्होंने उसकी तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला पुलिस का कहना है कि पीडि़तों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और किशोरियों की तलाश की जा रही है।
चोरी की बाइक व स्कूटी के साथ गिरफ्तार
नोएडा । पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की दो स्कूटी व दो बाइक बरामद हुई हैं। थाना सेक्टर-126 प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम सेक्टर-94 में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि सुपरनोवा बिल्डिंग के पास से जुपिटर स्कूटी चोरी करने वाले वाहन चोर चोरी की स्कूटी पर सवार होकर रायपुर की तरफ से पुश्ता रोड होते हुए सेक्टर 94 की तरफ आ रहे हैं। मुखबिर की इशारे पर पुलिस टीम ने स्कूटी पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से तमंचा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम कैलाश सिंह बघेल व कार्तिक वाजपेई बताया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके पास से बरामद स्कूटी चोरी की है और उन्होंने इसे सुपरनोवा बिल्डिंग के पास से चोरी किया था। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने वाहन चोरी की कई अन्य घटनाओं को भी अंजाम देना स्वीकार किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बाइक तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त होने वाली स्कूटी भी बरामद की गई। आरोपियों ने बताया कि वह अपनी स्कूटी की नंबर प्लेट पर टेपिंग कर ऐसे वाहनों की रेकी करते थे जिनके लॉक खुले रहते थे। खुले लॉक वाले वाहनों को वह पैर से धक्का लगाकर चोरी कर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने बताया कि चोरी करने के बाद दो पहिया वाहनों को वह यमुना डूब क्षेत्र की झाडिय़ां में छुपा देते थे। दोनों ने स्वीकार किया कि बरामद बाइक भी उन्होंने कुछ दिन पहले नोएडा के मोदी मॉल के पास से चोरी की थी। आरोपियों ने बताया कि चोरी के दौरान अगर कोई व्यक्ति विरोध करता था तो वह उसे तमंचा दिखाकर भयभीत कर फरार हो जाते थे।
वहीं थाना बीटा 2 पुलिस ने गश्त के दौरान एक वाहन चोर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी की बाइक व चाकू बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गस्त करते हुए जलवायु विहार सोसायटी के पास पहुंची तो बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक युवक बैठा हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक सकपका कर वहां से जाने लगा। संदेह के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई तो उसके पास से एक चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम मंसूर पुत्र मंजूर निवासी जनपद बुलंदशहर बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उससे बरामद बाइक चोरी की है। उसने यह बाइक कुछ दिनों पहले थाना क्षेत्र से चोरी की थी। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए वाहन चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
नकाबपोश बदमाशों का टेक्नीशियन पर हमला
ग्रेटर नोएडा । थाना कासना क्षेत्र की एक कंपनी में कार्यरत टेक्नीशियन के साथ नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घायल के भाई ने तीन युवकों पर मारपीट का संदेह जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मूल रूप से जनपद मथुरा के रहने वाले आकाश शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके ताऊ का लडक़ा सचिन हाल में गाजियाबाद में रह रहा है और ओप्पो कंपनी में क्वालिटी एश्योरेंस टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। 23 अप्रैल को सचिन की कंपनी के कर्मचारी सतीश तिवारी, राहुल बिश्नोई व सोनू कुमार के साथ काम करने को लेकर आपस में बहस हो गई थी। कंपनी में मौजूद अन्य लोगों ने उस समय बीच बचाव करा दिया था। 28 अप्रैल की रात्रि को कंपनी से छुट्टी होने के बाद सचिन अपनी बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में सचिन को दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश युवकों ने जबरन रुकवा लिया और उस पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। इस घटना में सचिन को गंभीर चोटें आईं। उपचार के लिए उसे कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आकाश शर्मा ने सचिन के साथ कंपनी में काम करने वाले सतीश तिवारी, राहुल बिश्नोई और सोनू कुमार पर मारपीट का शक जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
इंग्लिश पिस्टल के साथ दबोचा
ग्रेटर नोएडा । थाना कासना पुलिस ने इंग्लिश पिस्टल के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को पिस्टल उपलब्ध कराने वाले दो अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गस्त पर थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि अवैध असलाह से लैस एक संदिग्ध व्यक्ति साइट फाइव से जिम्स अस्पताल की ओर आने वाले पुल के पास किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से खड़ा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान एक व्यक्ति पुलिस को आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस कर्मियों ने उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से मेड इन इटली की पिस्टल व कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम विकास पुत्र अजय पाल निवासी ग्राम मंडावरा सिकंदराबाद जनपद बुलंदशहर बताया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में विकास ने बताया कि उसने अपने दोस्त अरुण के माध्यम से यह पिस्टल मोनू से खरीदी थी। पिस्टल के बल पर वह आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए विकास के अलावा उसके दोस्त अरुण तथा मोनू के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन