विज्ञापन
Noida-Greater Noida Crime Update: नोएडा में हाल के दिनों में दिनदहाड़े सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हमारा उद्देश्य किसी भी घटना को सनसनी बनाकर पेश करना नहीं, बल्कि तथ्यों की गहराई से पड़ताल कर निष्पक्ष और प्रमाणिक रिपोर्ट आपके सामने रखना है।

Noida-Greater Noida Crime Update: नोएडा में हाल के दिनों में दिनदहाड़े सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ती वारदातों और बेखौफ अपराधियों की सक्रियता ने आम नागरिकों के बीच चिंता और असुरक्षा का माहौल पैदा किया है। ऐसे समय में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। हमारा उद्देश्य किसी भी घटना को सनसनी बनाकर पेश करना नहीं, बल्कि तथ्यों की गहराई से पड़ताल कर निष्पक्ष और प्रमाणिक रिपोर्ट आपके सामने रखना है। हम हर खबर को बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि पाठक अपने शहर की सच्चाई को स्पष्ट रूप से समझ सकें और हर महत्वपूर्ण घटनाक्रम से समय पर अपडेट रहें।
पीजी से चार लैपटॉप चोरी
नोएडा (चेतना मंच)। सेक्टर-128 स्थित एक पीजी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर कमरे का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर चार लैपटॉप, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस लेकर फरार हो गया। पीडि़त की शिकायत पर सेक्टर-126 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से इंदौर निवासी विशाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह वर्तमान में शाहपुर, सेक्टर-128 स्थित गुरुकृपा भवन में किराये पर रह रहा है। 22 जून 2026 की रात वह अपने दोस्तों के साथ कमरे में मौजूद था। किसी कारणवश कमरे का गेट खुला रह गया। अगली सुबह करीब 6 बजे जब उन्होंने देखा तो कमरे से उनका एचपी और एसर कंपनी का लैपटॉप गायब था।
इतना ही नहीं, उनके रूममेट उदय सिंह कुशवाह का डेल कंपनी का लैपटॉप और पड़ोसी कमरे (102) में रहने वाले मित्र अभ्युदय मित्तल का लेनोवो लैपटॉप भी चोरी हो गया था। चोर विशाल के बैग में रखा आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी अपने साथ ले गया।
पीडि़त ने मामले की शिकायत सेक्टर-126 थाने में दर्ज कराते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
तमिलनाडु से नोएडा आया चोरी करने, 6 लैपटॉप, 7 महंगे मोबाइल बरामद
नोएडा (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-126 पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 6 लैपटॉप, 7 महंगे मोबाइल फोन, चोरी की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 12,500 रुपये नकद, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। बरामद सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
एडीसीपी नोएडा जोन ने बताया कि थाना सेक्टर-126 प्रभारी सुमनेश कुमार बीती रात पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-131 स्थित शाहपुर गढ़ी पुश्ता रोड पर एक व्यक्ति चोरी के लैपटॉप और मोबाइल बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोविंदन, निवासी जिला तिरुपत्तूर, तमिलनाडु, बताया। उसके पास मिले बैग की तलाशी लेने पर 6 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 12,500 रुपये नकद और एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नोएडा और एनसीआर के पीजी, मकानों और अन्य स्थानों की पहले रेकी करता था। मौका मिलते ही लैपटॉप और मोबाइल चोरी कर उन्हें राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देता था। पुलिस जांच में बरामद कई लैपटॉप और मोबाइल नोएडा के अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी के मुकदमों से जुड़े पाए गए।
पकड़े गए आरोपी ने यह भी कबूल किया कि बरामद स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी की है। इस बाइक का इस्तेमाल वह चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए करता था। आरोपी से पूछताछ के आधार पर नोएडा और एनसीआर में हुई कई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है।
एआई से अश्लील फोटो बनाकर पत्नी को भेजी
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। सोशल मीडिया के जरिए अभद्र भाषा, धमकी और एआई तकनीक का दुरुपयोग कर छेड़छाड़ की गई तस्वीरें भेजने के मामले में जेवर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पीडि़त की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में उमेश शर्मा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के करोल बाग निवासी सुनील चौधरी लंबे समय से इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से उन्हें गाली-गलौज कर रहा है तथा जान से मारने सहित विभिन्न प्रकार की धमकियां दे रहा है।
पीडि़त के अनुसार, आरोपी ने एआई और मोबाइल तकनीक का इस्तेमाल कर उसकी फोटो से छेड़छाड़ की और उसे उनकी पत्नी के पास भेज दिया। पीडि़त के मुताबिक, इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है तथा उन्हें मानसिक प्रताडऩा का सामना करना पड़ा है।
पीडि़त की तहरीर के आधार पर जेवर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया गतिविधियों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मकान मालिक पर सिक्योरिटी मनी हड़पने का आरोप
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 क्षेत्र में एक किरायेदार ने मकान मालिक पर सुरक्षा राशि (सिक्योरिटी मनी) वापस न करने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना बीटा-2 में एफआईआर दर्ज कराई है। पीडि़त का आरोप है कि बार-बार मांग करने के बावजूद मकान मालिक ने न केवल पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, बल्कि फोन उठाना और संदेशों का जवाब देना भी बंद कर दिया।
शिकायतकर्ता हर्ष मिश्रा के अनुसार, वह जुलाई 2025 से ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा-1 स्थित एक मकान में किरायेदार के रूप में रह रहा था। मकान किराये पर लेते समय उन्होंने मकान मालिक सौरभ गिल को 19 हजार रुपये सुरक्षा राशि के रूप में दिए थे।
हर्ष मिश्रा का कहना है कि फरवरी 2026 में किरायेदारी अवधि समाप्त होने से पहले उन्होंने मकान खाली कर दिया था। उस समय बिजली बिल समायोजित करने के बाद मकान मालिक ने उन्हें 16,500 रुपये सुरक्षा राशि वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन 30 जून 2026 तक भी उन्हें यह राशि नहीं मिली।
पीडि़त का आरोप है कि कई बार संपर्क करने के बावजूद सौरभ गिल ने पहले फोन उठाना बंद कर दिया और बाद में स्पष्ट रूप से पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उनके पास लेन-देन और बातचीत से जुड़े आवश्यक साक्ष्य मौजूद हैं। हर्ष मिश्रा ने थाना बीटा-2 में सौरभ गिल के खिलाफ सुरक्षा राशि हड़पने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
विज्ञापन