जुर्म की गिरफ्त में नोएडा-ग्रेटर नोएडा! अपराध की सभी खबरें एक साथ
Noida Samacahr
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:57 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:57 PM
Noida Samacahr: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस की सख्ती, रात्रि गश्त और लगातार हो रही कार्रवाईयों के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन चोरी, लूट, ठगी और हिंसक घटनाएं आम जनजीवन को डरा रही हैं। हर सुबह अखबारों की सुर्खियों में जुर्म की नई दास्तान सामने आ रही है। इन घटनाओं ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि आम नागरिकों के मन में असुरक्षा की भावना भी घर कर रही है। बाजार, कॉलोनियां, गली-मोहल्ले तक अपराधियों की पहुंच ने हर उम्र के लोगों को सतर्क रहने पर मजबूर कर दिया है।
इन्हीं हालातों को देखते हुए चेतना मंच आपके लिए लेकर आया है नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हालिया आपराधिक घटनाओं की एक समग्र रिपोर्ट ताकि आप सभी अहम घटनाओं की जानकारी एक ही जगह पर पा सकें और बार-बार अलग-अलग खबरें खोजने की जरूरत न पड़े।
सेक्टर-12/22 में बढ़ी छिनैती की वारदातें
नोएडा के थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के सेक्टर-12/22 टी पॉइंट के पास बाइक सवार बदमाशों ने मीडियाकर्मी से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। मीडियाकर्मी ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो पाए।सेक्टर-12 के एस ब्लॉक में रहने वाले मीडियाकर्मी गिरीश नारायण ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 24 जुलाई की रात्रि को सेक्टर-62 से अपने एक मित्र के साथ 12/22 टी पॉइंट पर पहुंचे थे। यहां से वह पैदल अपने घर की तरफ जा रहे थे। जेड ब्लॉक में प्रवेश करते ही वह आइसक्रीम खाने के लिए एक आइसक्रीम की ठेली पर रुक गए। वह आइसक्रीम खरीद ही रहे थे कि पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। उन्होंने बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया लेकिन वह तेज गति में बाइक लेकर फरार हो गए। मीडियाकर्मी की शिकायत पर थाना सेक्टर-24 पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इसी थाना क्षेत्र के सेक्टर-12/22 के रेड लाइट पर बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। अट्टा गांव में रहने वाले सौरभ ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 7 जुलाई की रात्रि को वह अपनी ड्यूटी खत्म कर अपने कमरे के लिए जा रहा था। सेक्टर-12/22 की रेड लाइट पर वह मोबाइल फोन से अपने परिजनों से बात कर रहा था। इस दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उससे मोबाइल फोन छीन लिया। उसने बाइक सवारों को पकडऩे का प्रयास किया लेकिन वह फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
घर से फोन और जेवरात चोरी
नोएडा के थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के गिझोड गांव से चोर एक व्यक्ति के घर से तीन मोबाइल फोन, सोने के जेवरात को चोरी कर ले गए। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। गिझोड गांव में रहने वाली उषा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 18 जुलाई सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर से तीन मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र का लॉकेट, चांदी की पायल आदि चोरी कर ली। सुबह जब वह सोकर उठे तो उन्हें कमरे में सामान अस्त-व्यस्त मिला। इसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने आसपास अपने मोबाइल फोन व अन्य सामान की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
डयूटी से घर लौट रहे युवक की दुर्घटना में मौत
नोएडा के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के एनएच-24 पर हुए हादसे में युवक की मौत के मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई थी। वेस्ट विनोद नगर मंडावली दिल्ली निवासी विक्की शर्मा ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौर सिटी में काम करता था। 26 जून को वह काम खत्म करने के बाद अपनी बाइक से दिल्ली स्थित घर जा रहा था। एनएच-24 के पास स्थित सुपरटेक बिल्डिंग के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में विक्की शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान गंभीर चोटों के कारण विक्की शर्मा की मौत हो गई। इस संबंध में विक्की शर्मा के बहनोई सुरेश कुमार ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।