Noida-Greater Noida Crime Update: नोएडा में हाल के दिनों में दिनदहाड़े सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हमारा उद्देश्य किसी भी घटना को सनसनी बनाकर पेश करना नहीं, बल्कि तथ्यों की गहराई से पड़ताल कर निष्पक्ष और प्रमाणिक रिपोर्ट आपके सामने रखना है।

Noida-Greater Noida Crime Update: नोएडा में हाल के दिनों में दिनदहाड़े सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ती वारदातों और बेखौफ अपराधियों की सक्रियता ने आम नागरिकों के बीच चिंता और असुरक्षा का माहौल पैदा किया है। ऐसे समय में पत्रकारिता की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। हमारा उद्देश्य किसी भी घटना को सनसनी बनाकर पेश करना नहीं, बल्कि तथ्यों की गहराई से पड़ताल कर निष्पक्ष और प्रमाणिक रिपोर्ट आपके सामने रखना है। हम हर खबर को बिना किसी दबाव या पूर्वाग्रह के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि पाठक अपने शहर की सच्चाई को स्पष्ट रूप से समझ सकें और हर महत्वपूर्ण घटनाक्रम से समय पर अपडेट रहें।
सडक़ हादसों ने ली दो लोगों की जान
नोएडा (चेतना मंच)। गौतमबुद्धनगर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सडक़ हादसों में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मामलों में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूल रूप से जनपद महोबा के रहने वाले अजय सिंह ने थाना ईकोटेक-3 में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके जीजा गोविंद दास 18 जुलाई की सुबह बैटरी रिक्शा से जा रहे थे। न्यू हॉलैंड गोल चक्कर से कुछ आगे पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में गोविंद दास गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले यथार्थ अस्पताल, फिर मैक्स अस्पताल सेक्टर-128 और बाद में दिल्ली के सरदारगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरा हादसा थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में 13 जुलाई की शाम को जयपुरिया चौराहे के पास हुआ। शिकायतकर्ता नीरज कुमार अग्रवाल के अनुसार, उनकी पत्नी शिवानी अग्रवाल अपनी पुत्री अंशिका के साथ स्कूटी से सेक्टर-62 से गाजियाबाद स्थित घर लौट रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से दोनों को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 14 जुलाई को शिवानी अग्रवाल की मौत हो गई। नीरज कुमार की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों हादसों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
डॉग को पार्क में शौच कराने पर विवाद, दंपत्ति ने दी धमकी
नोएडा (चेतना मंच)। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-107 की सनवर्ल्ड वनालिका सोसाइटी में डॉग वॉकिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी तक पहुंच गया। मामले में एक महिला ने सोसाइटी के ही दंपती के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता मोनिका चौहान के अनुसार, 19 जुलाई की सुबह वह सोसाइटी के सेंट्रल पार्क में टहल रही थीं। इसी दौरान उन्होंने एक घरेलू सहायिका को पार्क के अंदर कुत्ते को शौच कराते देखा। मोनिका के मुताबिक, उन्होंने केवल कुत्ते को पार्क के बाहर ले जाकर शौच कराने के लिए कहा, लेकिन घरेलू सहायिका ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने जब कुत्ते के मालिक का पता पूछा तो घरेलू सहायिका ने उनके बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी।
रिपोर्ट में मोनिका ने बताया कि कुछ देर बाद उनके पास गौरव भटनागर का फोन आया, जिन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके साथ बदतमीजी की। इसके बाद उनकी पत्नी शगुन भटनागर के भी लगातार फोन आने लगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में दोनों पति-पत्नी पार्क पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज की।
पीडि़ता का आरोप है कि दोनों आरोपी उनके घर तक पहुंच गए और घर में घुसकर अभद्र व्यवहार करते हुए तोडफ़ोड़ का प्रयास किया तथा जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने परिवार और बच्चों को भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत है। पीडि़ता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी का झांसा देकर युवती से अश्लील हरकत
नोएडा (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-49 क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती के साथ कथित उत्पीडऩ का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मथुरा निवासी युवती ने थाने में दर्ज कराई शिकायत में पुलिस को बताया कि वह 6 जुलाई को सेक्टर-49 स्थित एक निजी कंपनी में पीए पद के इंटरव्यू के लिए पहुंची थी। आरोप है कि कंपनी के मैनेजर शुक्ला ने नौकरी के लिए पहले ‘फिजिकल’ होने की बात कही और बाद में जॉइनिंग के बहाने लगातार कई दिनों तक बुलाता रहा। इस दौरान आरोपी उससे आपत्तिजनक बातें करता रहा।
पीडि़ता का आरोप है कि उसने आरोपी की बातचीत अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। पीडि़ता के मुताबिक, 16 जुलाई को आरोपी ने उसे जबरन कार में बैठाया और सेक्टर-61 में कुछ लोगों के सामने धक्का देकर उतार दिया। युवती का कहना है कि आरोपी उस पर पैसों का लालच देकर दबाव बनाने की भी कोशिश कर रहा था।
शिकायत में आरोपी का नाम शुक्ला बताया गया है। पुलिस ने पीडि़ता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा में तीन किशोर हुए लापता
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में तीन किशोरों के अचानक घर से लापता हो जाने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूल रूप से फर्रुखाबाद निवासी प्रताप ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह परिवार सहित वर्तमान में कुलसेरा स्थित आंटी फार्म में रह रहे हैं। 18 जुलाई को शाम के समय उनका 14 वर्षीय बेटा अपने दो दोस्तों के साथ बिना किसी को बताए घर से चला गया। काफी तलाश के बावजूद तीनों किशोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई कर बच्चों की सकुशल बरामदगी की मांग की है। शिकायत के आधार पर थाना इकोटेक-3 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बच्चों की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। तीनों किशोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्पार्क मिंडा कंपनी के कर्मचारियों पर 4 अज्ञात लोगों ने बोला हमला
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। इकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी के बाहर कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कंपनी के सुपरवाइजर की तहरीर पर अज्ञात ऑटो चालक और उसके 3-4 साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भंगेल में रहने वाले रमेश सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह स्पार्क मिंडा कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। 17 जुलाई की शाम को कंपनी की शिफ्ट समाप्त होने के बाद कर्मचारी बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान तेज गति और लापरवाही से ऑटो चला रहे चालक ने कंपनी के कर्मचारी विकास कुमार को टक्कर मार दी। घटना के बाद कर्मचारियों और ऑटो चालक के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ देर बाद शांत हो गई।
आरोप है कि इसके बाद ऑटो चालक ने मोबाइल फोन कर अपने साथियों को कंपनी के बाहर पहुंचने के लिए कहा। कुछ देर बाद 3-4 अज्ञात युवक लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और सरिया लेकर मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बस में घुसकर कर्मचारियों के साथ मारपीट, बस में तोडफ़ोड़ तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इस हमले में कंपनी के कर्मचारी जसप्रीत सिंह, विकास कुमार और सारंग सिंह को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना तत्काल यूपी-112 और स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
इकोटेक-3 थाना पुलिस ने पीडि़त की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन