किसानों ने यीडा के अफसरों के सामने रखी मांगें, जानें क्या
Noida/Greater Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Dec 2024 11:52 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Dec 2024 11:52 PM
Noida/Greater Noida News : किसानों ने अपनी कई मांगों के साथ यीडा के अधिकारियों से वार्ता की। यमुना प्राधिकरण के अफसरों ने शनिवार को आकलपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में किसानों से यह वार्ता की। बैठक में अधिग्रहण से प्रभावित अन्य गांवों के किसान भी शामिल हुए। किसान अपने विविध मांगों को पूरा करने का लिखित में आश्वासन चाहते थे। उन्होंने कहा कि यदि लिखित में नहीं दिया जाएगा तो हम भी अपनी जमीन नहीं देंगे।
किसानों की क्या हैं प्रमुख मांगे
किसानों ने बैठक में अपनी मांगों के बारे में यीडा के अफसरों को बताया कि हम गांव वाले चाहते हैं कि गांव में आबादी की जमीन की सीमा को बढ़ाया जाए। सात प्रतिशत भूखंड देने के साथ ही किसानों के बच्चों को स्थानीय कंपनियों में नौकरी दी जाए। सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन लिखित में दिया जाए। ऐसा न होने पर किसानों ने जमीन न देने की चेतावनी दी। इसके बाद अफसरों ने मयाना व मकसूदपुर गांव में किसानों से वार्ता की, लेकिन उन्हें वहां विरोध का सामना करना पड़ा। वहां किसानों के साथ उनकी बात नहीं बन सकी और न आगे बढ़ सकी। किसानों के साथ वार्ता के दौरान भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय महामंत्री रविन्द्र सिंह भाटी, मास्टर ज्ञानेन्द्र सिंह, करतार सिंह, मुकेश सिह, गिर्राज सिंह भाटी, चरण सिंह, जगपाल सिंह, भागमल शर्मा आदि मौजूद रहे।
राकेश टिकैत के नेतृत्व में महापंचायत का आयोजन होगा
किसान अपनी मांगों को लेकर 25 नवंबर से संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले धरना दे रहा है। भारतीय किसान यूनियन कृषक शक्ति के कार्यकताओं ने शनिवार को मिजार्पुर गांव में बैठक की। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन ठाकुर ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 30 दिसंबर को जीरो पॉइंट पर किसान नेता राकेश टिकैत के नेतृत्व में महापंचायत का आयोजन होगा। इसमें काफी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहेंगे। हम सभी किसानों को इस महापंचायत में शामिल होकर इसे सफल बनाना चाहिए।
महापंचायत की तैयारियों में जुटे संगठन
यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर 30 दिसंबर को किसान नेता राकेश टिकैत की ओर से महापंचायत के आह्वान पर कई किसान संगठनों के पदाधिकारी जनसंपर्क में जुटे हैं। लोगों से पंचायत में पहुंचने का आह्वान किया जा रहा है। पंचायत को लेकर ग्रेटर नोएडा में शनिवार को किसान संगठनों से विचार विमर्श किया। इस महापंचायत में तमाम संगठनों के पहुंचने की संभावना है। किसानों में भी इस महापंचायत को लेकर काफी उत्सुकता है।