नोएडा में सूरज की 'फिरकी', बारिश खेल रही आँखमिचौली, जानें अगला अलर्ट
Noida/Greater Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 04:08 PM
Noida/Greater Noida News : मौसम विभाग की भविष्यवाणी फिलहाल सूरज महाराज की मर्जी के आगे बेबस नजर आ रही है। शनिवार को दिन चढ़ते ही तेज धूप ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा के लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जुलाई के अंत में भी मानसून की बेरुखी जारी है, और शहर वाले एक अदद झमाझम बारिश के इंतजार में हैं।
तेज धूप, तपती हवा और आसमान में बादलों की चुप्पी
शनिवार को सुबह से मौसम विभाग की भविष्यवाणी थी कि बादल घिरेंगे और बारिश होगी, लेकिन दोपहर तक सूरज ने अपना असली रंग दिखा दिया। दिनभर की तपिश ने लोगों को फिर से पंखों और एसी के हवाले कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार, 27 जुलाई से नोएडा में मानसून का दूसरा चरण शुरू हो सकता है। 29 जुलाई तक लगातार बारिश की संभावना जताई गई है। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन का असर अब मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ तक पहुंच गया है और वेस्ट यूपी की ओर बढ़ रहा है। इस डिप्रेशन और मानसून ट्रफ रेखा के दिल्ली-एनसीआर से गुजरने की संभावना है, जिससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भी राहत भरी बारिश देखने को मिल सकती है।
हवा की क्वालिटी बेहतर, लेकिन बारिश बेहद कम
नोएडा -ग्रेटर नोएडा से बारिश भले ही गायब हो, लेकिन हवा की गुणवत्ता फिलहाल नियंत्रण में है। हालांकि चिंता की बात यह है कि इस सीजन (1 जून से 23 जुलाई) के बीच नोएडा में केवल 34 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर यह आंकड़ा 174 मिमी होना चाहिए था। यानी बारिश में करीब 80 फीसदी की कमी, और इसी के साथ नोएडा उत्तर प्रदेश के सबसे कम बारिश वाले जिलों में दूसरे नंबर पर है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि नोएडा में बारिश अब दूर नहीं है। 27 जुलाई से वातावरण में बड़ा बदलाव संभव है। ट्रफ लाइन दिल्ली की ओर बढ़ रही है, जिससे अगले कुछ दिन राहत वाले हो सकते हैं। 27-29 जुलाई तक छाता, रेनकोट तैयार रखें। लेकिन फिलहाल धूप से बचने के लिए सनस्क्रीन, पानी और धैर्य ही हथियार हैं!