नोएडा के हरौला गांव में महिला पार्क की नाली पर करीब 45 वर्षीय पगड़ीधारी व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस पहचान और मौत के कारण की जांच में जुटी है।

Noida News : नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब हरौला गांव स्थित शर्मा मार्केट के सामने बने महिला पार्क की नाली के ऊपर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर थाना फेस-1 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी ने बताया कि देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है मृतक व्यक्ति की दिमागी हालत ठीक नहीं थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरौला गांव में शर्मा मार्केट के सामने स्थित महिला पार्क की नाली के ऊपर करीब 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। प्रत्यक्ष रूप से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक ने पगड़ी पहन रखी थी। शुरुआती तौर पर उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है।
मौके की परिस्थितियों को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि अत्यधिक नशे के कारण व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी हो और उसकी मौत हो गई हो। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस की जांच के साथ-साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
हरौला चौकी प्रभारी अभियेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि मृतक के बारे में कोई जानकारी मिल सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि व्यक्ति वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा था। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकती है। इस विषय में फेस 1 थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि हरौला के पास बने हुए नोएडा प्राधिकरण के सार्वजनिक शौचालय पर एक नाली बनी हुई है। वह नाली पहले से ही पटी (बंद) है। उस पटी हुई नाली के ऊपर अपने जूते का तकिया बनाकर यह व्यक्ति सोया हुआ था। जांच करने पर ज्ञात हुआ है कि मरने वाला व्यक्ति मानसिक रूप से विक्षिप्त था। और हरौला में घूमता रहता था।
फिलहाल इस मामले में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद घटना से जुड़े कई सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। Noida News
विज्ञापन