नोएडा बना सफाई में सुपर सिटी, अब 7 स्टार की बारी: डॉ. लोकेश एम
Noida Samachar
भारत
चेतना मंच
26 Jul 2025 07:29 PM
Noida Samachar: नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. लोकेश एम ने कहा है कि हमारा प्रयास है कि अगले वर्ष होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा को 7 स्टार रैंक का दर्जा प्राप्त हो। इसके लिए अभी से ही नोएडा प्राधिकरण की पूरी टीम सक्रिय हो गई है। नोएडा प्राधिकरण के (सीईओ) डॉ. लोकेश एम ने यह बात प्रेस क्लब द्वारा नोएडा को सुपर स्वच्छता लीग में प्रथम स्थान हासिल करने पर बधाई देने के बाद कही। सीईओ ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण की टीम ग्रीन वेस्ट सेग्रीगेशन के अलावा गोबर के निस्तारण तथा उससे बनाने वाले कई उपयोगों पर भी गंभीरता से विचार कर रही है। वहीं प्रतिबंध प्लास्टिक के उपयोग के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है।
गांव के विकास पर भी किया जा रहा फोकस
सीईओ ने कहा कि सुपर स्वच्छता लीग सिटीज में नंबर वन आने पर नोएडा का नाम न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि समूचे भारत में हुआ है। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण के सभी अधिकारियों के अलावा सफाई निरीक्षको तथा सफाई कर्मचारियों का भी पूरा योगदान है। उन्होंने इसके लिए नोएडा के नागरिकों के योगदान करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि अभी कई क्षेत्रों में कार्य किया जाना बाकी है जिसके लिए प्राधिकरण की समूची टीम सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सेक्टरों के अलावा अब गांव के विकास पर भी खास फोकस किया जा रहा है। 80 गांव में विकास कार्यों को तेज करने के लिए एसीईओ संजीव खत्री के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई है जो गांवों में खास तौर पर सीवर व जलापूर्ति पर ध्यान देगी। इस मौके पर नोएडा प्रेस क्लब के संरक्षक वीरेंद्र मलिक, अध्यक्ष मोहम्मद आजाद, महामंत्री निर्मेष त्यागी, कार्यकारी सदस्य अरुण सिन्हा, मोहम्मद इमरान, संजय शाह, राजदीप आदि पत्रकार मौजूद थे।
इसके पूर्व नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-6 स्थित प्रशासनिक कार्यालय के बोर्ड रूम में आयोजित इस कार्यक्रम में नोएडा प्रेस क्लब की टीम ने सीईओ डॉ. लोकेश एम, एसीईओ संजय खत्री के अलावा जन स्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक एसपी सिंह, ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, खंड-1 के प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक गौरव बंसल, खंड-2 के प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक आरके शर्मा तथा अन्य एपीई एवं जेई को स्वच्छता में श्रेष्ठ कार्य के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया है। इस दौरान नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक सिविल अशोक कुमार अरोड़ा भी मौजूद रहे।