
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 18 अप्रैल को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “जर्मन शेफर्ड को डंडे से से बांधकर तीन किमी पीटा, कार तक घसीटा” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि बुधवार रात छोटे बच्चे को देखकर जर्मन शेफर्ड भौंकने लगा। बच्चा हड़बड़ा कर जमीन पर गिर गया। इससे गुस्साए बच्चे के पिता ने पहले कुत्ते को जमकर डंडों से पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो के पीछे रस्सी से बांधकर तीन किमी तक घसीटा। कुत्ते के मालिक ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी है।
कस्बे के नई बस्ती मोहल्ला निवासी सुधीर इंदौरिया ने बताया कि उन्होंने जर्मन शेफर्ड पाला हुआ है। रोजाना की तरह उसको बुधवार की रात घर के गेट पर रस्सी से बंधा हुआ था। उसी दौरान पड़ोस का बच्चा वहां से निकाल कर जा रहा था। वह उसको देखकर भौंकने लगा। बच्चा डर के कारण जमीन पर गिर गया। बच्चे ने जानकारी पिता को दी। पिता ने मौके पर पहुंचकर पहले तो कुत्ते को डंडे से बेरहमी से पीटकर घायल किया। उसके बाद स्पोर्ट्स सिटी के पास करीब तीन किमी तक रस्सी से बांधकर रोड पर देर रात घसीटा। इस घटना में कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी है।
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “यमुना सिटी के सेक्टर-18 में बनेगा यीडा का दफ्तर, डिजाइन तैयार, जेवर के लोगों को नहीं लगाना पड़ेगा 50 किमी का चक्कर” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि यमुना सिटी के सेक्टर-18 में बनने वाले यमुना प्राधिकरण (यीडा) के नए कार्यालय का डिजाइन तैयार हो गया है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालय पांच मंजिल का होगा। नए कार्यालय में 8,340 वर्गमीटर में कॉमन सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें करीब 319.38 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि नए कार्यालय की डिजाइन तैयार हो गई है। कुछ कागजी औपचारिकताएं बाकी है। उसके बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। कार्यालय का निर्माण शुरू होने के बाद 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि नए कार्यालय में पार्क, कमरे के साथ कई अन्य सुविधाएं होंगी। कार्यालय में कुल 1169 गाड़ियों की क्षमता वाली पार्किंग बनेगी। इनमें 569 पार्किंग बेसमेंट और 508 स्टिल्ट होंगी। वीआईपी पार्किंग भी बनाई जाएगी। फिलहाल यमुना प्राधिकरण का कार्यालय सेक्टर ओमेगा-2 में चल रहा है। जेवर के. लोगों को 50 किमी ग्रेटर नोएडा आना पड़ता है। मई के बाद से एयरपोर्ट भी शुरू हो रहा है। इसके अलावा कई कंपनियों और घरों का निर्माण भी मौके पर चल रहा है। अब प्राधिकरण ने कार्यालय बनाने की कवायद को तेज कर दिया है।
अमर उजाला ने 18 अप्रैल 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “अरण्या सोसाइटी में साढ़े 11 घंटे तक चला ईडी का सर्च ऑपरेशन, टीम के पहुंचते बाहर आ गए निवासी, आईआरपी और बिल्डर पर लगाए साठगांठ के आरोप” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-119 स्थित द अरण्या सोसाइटी में बृहस्पतिवार को सुबह करीब आठ बजे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पहुंच गई और शाम करीब साढ़े सात बजे तक रही। निवासी टावर के नीचे आकर खड़े हो गए और एक-दूसरे से चर्चा करने लगे। हर फ्लैट निवासी यही कह रहा था कि यह तो होना ही था। सोसाइटी निवासियों ने आरोप लगाया कि बिल्डर और इंटरिम रिज्योल्यूशन प्रोफेशनल (आईआरपी) एक-दूसरे से मिले हैं। यहां पर 2019 से आईआरपी नियुक्त है। फर्जी फिट आउट बेस पर लोगों को पजेशन देने और अनसोल्ड इंवेंट्री बेचने का आरोप भी लगाया।
सोसाइटी निवासी ललिता मैथ्यू, सुनीता नगियाल, कला विजय ने बताया कि 2018 से पजेशन मिलने के बाद से अब तक लोग अपने घर के मालिकाना हक पाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। आज तक सोसाइटी का ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) और कंप्लीशन सर्टिफिकेट (सीसी) नहीं आया। एक भी फ्लैट की रजिस्ट्री नहीं हुई है। दूसरी ओर आईआरपी और बिल्डर मिलकर फर्जी फिट आउट बेस पर फ्लैट बेच रहे और अनसोल्वड इंवेंट्री के नाम पर धोखेबाजी कर रहे हैं। अपने ही फ्लैट का पजेशन लेना हो तो अतिरिक्त पैसा देना पड़ता है।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 18 अप्रैल 2025 का प्रमुख समाचार “इस्कान के पास छात्र को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, मौत” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र को इस्कान मंदिर के सामने रोड पर सौमवार शाम करीब पांच बजे तेज रफ्तार कार के चालक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को दिल्ली के मैक्स अस्पताल ले जाया गया, वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। भाई नरेन्द्र कुमार ने गाड़ी नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
एटा के थाना निधौलीकला स्थित ग्राम नगला फकीर में रहने वाला मोहित नोएडा में रहकर यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह पैदल ही सेक्टर-18 से सेक्टर-71 की तरफ जा रहा था। इस्कान मंदिर के सामने रोड़ पर लापरवाही से तेज गति में फर्राटा भर रहे एंडेवर गाड़ी के चालक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर जोरदार होने से मोहित लहुलुहान होकर दूर जाकर गिरा। राहगीरों ने उसके मोबाइल से तुरंत बहन के पास काल कर सड़क दुर्घटना की जानकारी दी। स्वजन ने अपने एक दोस्त को मौके पर मोहित की मदद के लिए भेजा। स्वजन छात्र को गंभीर स्थिति में कैलाश अस्पताल ले गए। वहां हालत में सुधार नहीं होने पर डाक्टर ने दिल्ली रेफर कर दिया। दिल्ली के मैक्स अस्पताल में डाक्टर ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को शव सौंप दिया गया। सेक्टर-24 थाने के एसएसआई का कहना है कि स्वजन की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपित चालक को तलाश कर रहे हैं।
दैनिक जागरण के 18 अप्रैल 2025 के अंक में अगला प्रमुख समाचार “छात्रों को आग की घटना के दौरान बचाव के तरीके बताए” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि दिल्ली पब्लिक स्कूल एनटीपीसी में सीआइएसएफ की ओर से बृहस्पतिवार को अग्निशमन कार्यशाला का आयोजन किया गया। अग्निशमन सप्ताह के उपलक्ष्य में विद्यालय में कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों के समक्ष अग्निशमन की विभिन्न गतिविधियों को संपन्न किया। विद्यार्थियों को अग्निशमन सप्ताह मनाने के कारण व उद्देश्य से अवगत कराया। अग्नि लगने के कारण तथा उसे जल्द से जल्द बुझाने की विभिन्न गतिविधियों को प्रयोगात्मक रूप से करके दिखाया। कार्यक्रम के संचालक सीआइएसएफ एनटीपीसी, विद्युत नगर की फायर विंग के वरिष्ठ शमशेर सिंह, राहुल पाल, कैलाश चंद्र, प्रदीप कुमार व निरंजन कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसी भी दुर्घटना के समय बचाव के कार्यों तथा प्राथमिक उपचार से विद्यार्थियों को परिचित कराना था। सीआइएसफ के जवानों ने दुर्घटना के समय बचाव यंत्रों का प्रयोग करना सिखाया ताकि किसी भी दुर्घटना के समय विद्यार्थी तथा शिक्षक सभी बचाव के लिए इन यंत्रों का प्रयोग आसानी से कर सके। विद्यालय प्रधानाचार्या पूनम दुआ ने सीआइएसएफ के जवानों को इस कार्यशाला के लिए धन्यवाद दिया।