
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 18 फरवरी को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “ग्रेनो वेस्ट से गाजियाबाद जाना होगा मुश्किल, बंद होगा शाहबेरी रोड, रोड चौड़ीकरण का काम करेगा ग्रेनो प्राधिकरण, जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाकर किया आगाह” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी को गाजियाबाद से जोड़ने वाला रास्ता जल्द बंद होगा। ताकि शाहबेरी गांव के रोड को चौड़ा करने का काम पूरा किया जा सके। इस संबंध में यातायात पुलिस ने जगह-जगह सूचना व चेतावनी बोर्ड लगाकर लोगों से अन्य वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है। हालांकि एक समय में एक लेन को बंद करने योजना है। ताकि एक तरफ से यातायात चालू रहे। जल्द ही गाजियाबाद और जिले की यातायात पुलिस के अधिकारी बैठक कर तारीख तय करेंगे। हालांकि इस दौरान स्थानीय निवासियों को निकलने की सुविधा दी जाएगी।
गाजियाबाद से नोएडा, ग्रेनो आने और जाने वाले लोग ग्रेनो वेस्ट से होकर निकलते है। इनमें ज्यादातर लोग शाहबेरी से क्रॉसिंग रिपब्लिक वाले रास्ते का प्रयोग करते हैं, लेकिन यहां पर रोजाना सुबह शाम जाम लगने लगा है। ऐसे में प्राधिकरण ने शाहबेरी के अंदर रोड को चौड़ा करने का फैसला लिया है। रोड को 1 से 1.50 मीटर चौड़ा किया जाएगा। ताकि जाम से निजात मिल सके। करीब छह माह पहले इसका टेंडर भी जारी हो चुका है, लेकिन ट्रैफिक के कारण काम नहीं हो पा रहा है। अब प्राधिकरण ने यातायात पुलिस के साथ बैठक कर वाहनों को रोकने का फैसला लिया है। प्राधिकरण के अफसरों ने बताया, करीब 2 किमी लंबी सड़क को चौड़ा किया जाएगा। वहीं यातायात पुलिस ने भी ट्रैफिक को डायवर्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। 20 से अधिक जगह पर शाहबेरी रोड को बंद होने के बोर्ड लगा दिए गए हैं। शाहबेरी की जगह ताज एक्सप्रेसवे का प्रयोग करने की अपील की गई है। हालांकि अभी रोड चालू है।
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “पत्रकार व सहयोगियों के खातों में मिला 186 करोड़ का लेनदेन, पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने रवि काना गिरोह के सदस्य और उगाही के आरोपी पत्रकार समेत तीन लोगों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस का दावा किया है कि जांच में उसे गिरोह की अवैध संपत्ति के साथ कंपनियों और निजी बैंक खातों के माध्यम से करीब 186.67 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली है। पुलिस का कहना है कि कोतवाली में 20 जनवरी को एक व्यक्ति ने केस दर्ज कराया था कि पत्रकार पंकज पाराशर तीन लाख रुपये हर महीने फिरौती मांग रहा था। न देने पर उसने फर्जी खबरें चलाने और शूटर भेजकर हत्या कराने की धमकी दी। पीड़ित से कुल 10 लाख रुपये वसूले गए। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं था, बल्कि एक संगठित गिरोह का सुनियोजित षड्यंत्र था। मामले में सीनियर सिटीजन सोसाइटी सेक्टर पाई-2 के पंकज पाराशर, बेदपुरा ईकोटेक-3 के देव शर्मा और डेल्टा-1 के अवधेश सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने पंकज पाराशर से 3.30 लाख रुपये, देव शर्मा और अवधेश सिसोदिया से 1.50 लाख रुपये बरामद किए थे।
Hindi News:
अमर उजाला ने 18 फरवरी 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “अलग-अलग जगह काम करते समय दो श्रमिकों की गई जान” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि अलग-अलग जगह काम करते हुए दो मजदूरों की मौत हो गई। पहला मामला फेज दो थाना क्षेत्र का है जहां पर एक निर्माणाधीन फैक्टरी में रविवार शाम एक मजदूर की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। वहीं दूसरा मामला सलारपुर गांव का है जहां सेक्टर-101 मेट्रो स्टेशन के पास बेसमेंट की खोदाई करते समय मिट्टी में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई।
फेज दो थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दिल्ली के शाहीन बाग स्थित अबुल फजल एन्क्लेव पार्ट-दो निवासी मोहम्मद इमरान मजदूरी करते थे। वह मूलरूप से जिला गाजियाबाद के गांव कुशलिया के रहने वाले थे। फेज-दो क्षेत्र के सेक्टर-80 स्थित डी ब्लॉक में फैक्टरी के निर्माण का काम चल रहा है। इस फैक्टरी में वह पिछले कई दिनों से मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरे। वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों ने लहूलुहान अवस्था में अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं सलारपुर मामले में एक व्यक्ति ने बताया कि वह संभल के गांव बघूरा कटियाखेड़ा का रहने वाला है। उसके गांव का 27 वर्षीय रूप किशोर नोएडा के छलेरा में किराये का कमरा लेकर रह रहा था। रूप किशोर शादीशुदा था और बेलदारी का काम कर परिवार का भरण पोषण करता था।
सोमवार को वह सलारपुर में सेक्टर 101 मेट्रो स्टेशन के पास बेसमेंट की खोदाई का काम करने गया था। इसी दौरान मिट्टी गिरने से रूप किशोर चपेट में आ गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। आरोप है कि काम कराने वाला मालिक मना करने पर भी गहराई में खोदाई करा रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 18 फरवरी 2025 का प्रमुख समाचार “आइजीएल की गैस पाइपलाइन फटी, मची अफरा-तफरी” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि ग्रेटर नोएडा सूरजपुर साइट सी स्थित इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आइजीएल) की घरेलू गैस आपूर्ति (पीएनजी) की पाइपलाइन फट गई। डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसी) द्वारा जेसीबी मशीन से खोदाई के दौरान पाइप लाइन फटने से चारों तरफ गैस फैल गई। डर से आसपास की सोसायटियों से लोग बाहर आ गए। इसकी सूचना 112 नंबर डायल कर पुलिस, दमकल विभाग व आइजीएल टीम को दी। सूचना पर टीम पहुंची। करीब तीन घंटे तक गैस आपूर्ति बंद रही। पाइपलाइन दुरुस्त होने के बाद सोसायटी के लोगों ने कहीं जाकर राहत की सांस ली। हालांकि खबर लिखे जाने तक गैस की आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
लोगों को हुई परेशानीः गैस आपूर्ति ठप होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। सोसायटी के हिमांशु शेखर ने बताया कि सोसायटी के गेट नंबर एक के सामने डीएफसीसी द्वारा बाउंड्रीवाल करने को लेकर खोदाई का कार्य हो रहा है। राढ़े चार बजे के करीब खोदाई के दौरान आइजीएल की पाइपलाइन फट गई। गैस का दवाव इतना अधिक था कि जेसीबी चालक समेत मौके पर काम कर रहे लोग भाग गए। सोसायटी से लोग निकलकर बाहर आ गए। सूचना पर पहुंची आइजीएल की टीम को इसे दुरुस्त करने में तीन घंटे का वक्त लगा।
दैनिक जागरण के 18 फरवरी 2025 के अंक में अगला प्रमुख समाचार “नौ कंपनियां करेंगी पांच हजार करोड़ का निवेश” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कारिडोर (डीएमआइसी) के तहत विकसित हो रही इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेटर नोएडा (आइआइटीजीएन) में अगले दो वर्ष में नौ कंपनियों में उत्पादन शुरू हो जाएगा। कंपनियों ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इन कंपनियों से पांच करोड़ का निवेश प्राप्त हुए है। साथ ही 18 हजार 400 लोगों को रोजगार भी मिलेगा। वर्तमान में आइआइटीजीएन में हायर इलेक्ट्रानिक्स समेत चार कंपनियों में उत्पादन हो रहा है।
इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कारिडोर और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का संयुक्त उपक्रम है। करीब 750 एकड़ में विकसित होने वाली इस टाउनशिप में अब तक 18 कंपनियों को भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। नौ कंपनियां एकेजी प्लास्टिक, क्लियर पैक, टेक पालीकेम, नोवा मैक्स, पल्लवी कापर, हरियाणा सिटी गैस आदि ने भूखंडों पर कब्जा प्राप्त कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इनमें ज्यादातर कंपनियां इलेक्ट्रोनिक सेक्टर से जुड़ी हैं। अगले दो वर्ष में उत्पादन शुरू हो जाएगा। आइआइटीजीएन एमडी सीईओ एनजी रविकुमार ने बताया कि अधिकारी के मुताबिक टाउनशिप में जिन 18 कंपनियों को भूखंड आवंटित किए गए हैं, उनसे पांच हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। साथ ही 18,400 लोगों को प्रत्याक्ष रूप से रोजगार मिलने का अनुमान है। टाउनशिप में 43 औद्योगिक भूखंड हैं। शेष भूखंडों को आवंटित किए जाने को प्रक्रिया चल रही है। अगले दो वर्ष में कंपनियों में उत्पादन शुरू हो जाएगा।
ग्रेटर नोएडा – नोएडाकीखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएचेतनामंचसेजुड़ेरहें।
देश–दुनियाकीलेटेस्टखबरोंसेअपडेटरहनेकेलिएहमेंफेसबुकपरलाइककरेंयाट्विटरपरफॉलोकरें।