
Noida News: नोएडा उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध शहर है। हर कोई नोएडा के विषय में जानना चाहता है। यहां नोएडा के प्रतिदिन के सभी समाचार अखबारों के हवाले से हम समाचार प्रकाशित करते हैं। नोएडा शहर से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्रों में 21 अप्रैल को क्या खास समाचार प्रकाशित हुए हैं यहां एक साथ पढऩे को मिलेंगे।
Noida News: समाचार अमर उजाला से
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “एसी में ब्लास्ट से होटल में आग, 15 लोगों ने छत पर भागकर बचाई जान, आग से बचाव के इंतजाम अधूरे मिले, सेक्टर-46 में सेवानिवृत्त अधिकारी की इमारत में चल रहा होटल” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि सेक्टर-46 में दो मंजिला बिल्डिंग में चल रहे स्वास्तिक ओम होटल की दूसरी मंजिल पर रविवार तड़के एसी में ब्लास्ट हुआ और कुछ ही देर में आग फैल गई। इससे अफरातफरी मच गई। आग और धुएं के बीच खुद को फंसते देख 15 लोगों ने छत पर भागकर अपनी जान बचाई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में पता चला है कि न ही बिल्डिंग में होटल चलाने के मानक पूरे मिले और न ही मौके पर आग बचाव के इंतजाम दुरुस्त मिले। बिल्डिंग सेवानिवृत्त अधिकारी का बताया जा रहा है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े चार बजे सेक्टर-46 स्थित बिल्डिंग में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर अग्निशमन विभाग की टीम चार दमकल वाहन व हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म के साथ मौके पर पहुंची। बिल्डिंग में चल रहे होटल की दूसरी मंजिल पर आग लगी थी। आग होटल के कमरे में लगी थी और आग फैल रही थी। करीब 15 लोग छत पर थे। इनमें ज्यादातर होटल के कर्मचारी थे। इसके बाद अग्निशमन विभाग की एक टीम आग बुझाने में लग गई और दूसरी टीम छत पर गए लोगों को सकुशल बाहर निकालने में जुटी। कुछ मिनट में ही छत पर फंसे लोगों को बाहर निकाल लिया गया। दमकल की एक गाड़ी की मदद से ही आग पर करीब 20 मिनट में काबू पा लिया गया। अन्य तीन दमकल वाहनों की जरूरत नहीं पड़ी। आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। कमरे में बेड, सोफे, आलमारी से लेकर सारा सामान जल गया
अमर उजाला अखबार ने अपने नोएडा संस्करण में मुख्य समाचार “बाइक सवार को 100 मीटर तक घसीटा, मौत, रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ हादसा” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि हिंडन पुल के पास रविवार तड़के तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार को सौ मीटर तक घसीटा। बाइक सवार को गंभीर हालत में सेक्टर-62 के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। बाइक सवार की शिनाख्त गाजियाबार के विजय नगर निवासी रोहित कुमार (40) के रूप में हुई है। हादसे के वक्त रोहित ने हेलमेट पहन रखा था। कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में अभी परिजनों ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रोहित कुमार भाई मोहित के साथ मिलकर गाड़ी चलाते थे। उनकी गाड़ी दस साल से साहिबाबाद के पत्थर मार्केट में चलती है और वहां रात को गाड़ी में पत्थर लोड होता है। रोज की तरह रोहित रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अपनी बाइक से घर से निकले। हिंडन पुल के पास तेज रफ्तार वाहन ने रोहित की बाइक में टक्कर मार दी। वाहन बाइक समेत रोहित को 100 मीटर तक घसीटता चला गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रोहित को फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया। वहां पर उपचार के दौरान चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। रोहित शादीशुदा थे और उनका एक साल का बेटा है। उनके पिता की दो माह पहले ही बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
Hindi News:
अमर उजाला ने 21 अप्रैल 2025 के अंक में प्रमुख समाचार “शराब पीकर वाहन चलाने वाले नहीं आ रहे बाज, दो वर्ष में 600 डीएल निलंबित” शीर्षक से प्रकाशित किया है। इस समाचार में बताया गया है कि शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) की घटनाओं में हाल के दो वर्षों में वृद्धि देखी गई है। यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 2023 की तुलना में 2024 में ऐसे मामलों में करीब आठ प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी गई है। यह स्थिति सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन रही है, जिसके चलते संबंधित विभागों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवहन विभाग के अनुसार पिछले दो वर्षों में शराब पीकर वाहन चलाने वाले करीब 600 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। वहीं इन दो वर्षों में करीब एक हजार से अधिक वाहनों को सीज भी किया गया है। पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाने की अधिकांश घटनाएं रात के समय, खासकर सप्ताहांत और उत्सव के मौकों पर सामने आ रही हैं। नोएडा के सेक्टर-18, 38ए, सेक्टर-62, और ग्रेटर नोएडा के कुछ प्रमुख क्षेत्रों को हॉटस्पॉट के रूप में इस वजह से चिह्नित किया गया है। इन इलाकों में पब, बार और रेस्तरां की मौजूदगी के कारण रात में भीड़ बढ़ती है, जिससे ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले भी बढ़ रहे हैं। 2023 में 475 ऐसे मामले सामने आए हैं तो वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 532 तक पहुंच गई। बता दें कि नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने इस समस्या से निपटने के लिए कई कदम. उठाए हैं। हाल ही में, ब्रीथ एनालाइजर से टेस्टिंग को बढ़ावा दिया गया है। डीसीपी ट्रैफिक लखन यादव ने बताया, हमारी टीमें रात 10 बजे से देर रात तक चौराहों पर तैनात रहती हैं। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ चालान के साथ-साथ वाहन जब्ती और कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ऐसी घटनाएं सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रही हैं। नोएडा के सेक्टर-37 के रहने वाले राहुल शर्मा ने कहा, रात में कई लोग तेज रफ्तार और नशे में गाड़ी चलाते हैं, जिससे आम लोगों को खतरा रहता है।
Noida News: समाचार दैनिक जागरण से
दैनिक जागरण के नोएडा संस्करण में 21 अप्रैल 2025 का प्रमुख समाचार “अवैध कालोनियों में मौत के साये में जिंदगी” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है नोएडा और ग्रेटर नोएडा में डूब क्षेत्र और गांवों में बिना नक्शा पास कराए धड़ल्ले से अवैध निर्माण कराया जा रहा है। 2018 में शाहबेरी गांव में तेज वर्षा के बाद दो इमारतें गिर गईं थीं। इसमें नींव कमजोर होने की बात सामने आई थी। इमारत गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई थी। घटना को बीते करीब सात वर्ष हो गए हैं। उसके बाद भी अवैध निर्माण पर रोक नहीं लग सकी है। दो वर्ष पहले ही नोएडा प्राधिकरण ने स्ट्रक्चरल आडिट पालिसी लागू की थी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अब तक पालिसी लागू नहीं कर सका है, जबकि दो वर्ष पहले ही बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पास हो गया है। कालोनाइजर ने अवैध इमारतों का मकड़जाल फैला रखा है। मानकों की अनदेखी कर चार-पांच मंजिला मकान बना रखे हैं, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकते हैं। ग्रेनो वेस्ट स्थित महागुन मार्ट के पास एक इमारत को प्राधिकरण ने ध्वस्त कर दिया था। इमारत की नींव तोड़ दी गई है। बावजूद इसके वहां लोग रह रहे हैं। यहां कभी भी हादसा हो सकता है। जिले में करीब दो हजार इमारतें जर्जर घोषित हैं। जिला प्रशासन व प्राधिकरणों को इन इमारतों की जांच करानी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दादरी तहसील की पुरानी इमारत भी जर्जर हो गई है।
दैनिक जागरण के 21 अप्रैल 2025 के अंक में अगला प्रमुख समाचार “झूठ बोल नर्स से की दूसरी शादी 12 लाख ऐंठ गर्भवती होने पर छोड़ा” शीर्षक से प्रकाशित किया गया है। इस समाचार में बताया गया है कि पहले से शादीशुदा व्यक्ति ने योजना बनाकर नोएडा की एक नर्स से मंदिर में शादी की। अस्पताल खोलने के लिए जमीन लेने के नाम पर 12 लाख रुपये और गहने हड़प लिए। पीड़िता को गर्भवती होने पर व्यक्ति के शादीशुदा और कोई कार्य नहीं करने का पता चला। आरोपित और स्वजन नर्स को धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने महिला थाने में आरोपित समेत छह पर क्रूरता करने, झूठ बोलकर दूसरी शादी करना, दहेज उत्पीड़न, धमकी देने समेत नौ धारा में मुकदमा दर्ज कराया है।
मूलरूप से बांदा की रहने वाली पीड़िता नोएडा के एक गांव में रहती हैं। वह 15 साल से नोएडा के प्राइवेट अस्पताल में नर्स हैं। जनवरी 2023 में सेन समाज के पोर्टल परं शादी का बायोडाटा डालने से जयपुर नीदड़ गांव के राहुल सैन के संपर्क में आईं थीं। राहुल सैन ने खुद को बड़ा कारोबारी बताया। राहुल ने चुपचाप शादी करने की शर्त रखी। इसके पीछे अपनी बहन द्वारा संपत्ति हड़पने का कारण बताया था। कहा कि बहन नहीं चाहती है कि उसकी शादी हो। 10 जुलाई 2023 को बांदा के विंध्यवासिनी माता मंदिर में नर्स से शादी कर ली। बच्चा होने पर स्वजन को शादी के बारे में बताने को बोला। उसको नोएडा में ही रखा। राहुल कुछ दिनों बाद मौसी का लड़का बताकर संजय सैन को घर लेकर आया। उसके साथ राजस्थान सिरोही में हास्पिटल खोलने के लिए जमीन खरीदने की बात बोली। जमीन व गाड़ी लेने के नाम पर राहुल ने करीब 12 लाख रुपये ले लिए। जुलाई 2024 में नर्स को गर्भवती होने का पता चला तो राहुल ने देखरेख करने के बहाने उसे उदयपुर शिफ्ट करा दिया। वह नौकरी छोड़ उदयपुर चली गई। वहां पर पता चला कि संजय मौसी का लड़का नहीं बल्कि राहुल की पत्नी शिल्पा का भाई है। राहुल की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। इसका विरोध करने पर राहुल और उसके स्वजन उदयपुर पहुंचे। मारपीट कर बच्चा गिराने को बोला, जबकि सास ने शादी स्वीकार करने के लिए 20 लाख रुपयों की मांग की। पीड़िता अपने भाई की मदद से नोएडा आ गई। नवंबर 2024 में बेटे को जन्म दिया। अब राहुल, उसका साला और स्वजन महिला व बच्चे को जान से मरवाने की धमकी दे रहे हैं। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति राहुल, शिल्पा उर्फ सरस्वती, संजय, स्वाति, पूर्णिमा और प्रक सैन के खिलाफ मामला दर्ज लिया है।