नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और इलाज से जुड़ी व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में अस्पताल का एक सुरक्षा गार्ड नर्स की मौजूदगी में सिरिंज में दवा भरता नजर आ रहा है।

Noida News : नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और इलाज से जुड़ी व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में अस्पताल का एक सुरक्षा गार्ड नर्स की मौजूदगी में सिरिंज में दवा भरता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित नर्स और सुरक्षा गार्ड को नौकरी से हटा दिया है। दोनों निजी एजेंसी के माध्यम से अस्पताल में तैनात थे। Noida News
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 14 अगस्त की रात का है। इसमें अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर तैनात सुरक्षा गार्ड सुनील नर्सिंग स्टेशन पर बैठकर सिरिंज में दवा भरता दिखाई दे रहा है। उसके पास स्टाफ नर्स रिचा कुमारी भी मौजूद थीं। जानकारी के मुताबिक उस दिन मेडिकल वार्ड में मरीजों की देखभाल की जिम्मेदारी स्टाफ नर्स रिचा कुमारी की थी, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुनील की ड्यूटी लगाई गई थी। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे। Noida News
आरोप है कि स्टाफ नर्स ने सुरक्षा गार्ड को मरीजों को लगाए जाने वाले इंजेक्शन के लिए खाली सिरिंज भरने को कहा था। इसके बाद गार्ड नर्सिंग स्टेशन पर बैठकर सिरिंज में दवा भरने लगा। वायरल वीडियो में उसके सामने दवा से भरी कई सिरिंज भी दिखाई दे रही हैं। मामला सामने आने के बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया गया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री कार्यालय और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी टैग किया गया। Noida News
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार झा ने संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की। इसके बाद नर्स और सुरक्षा गार्ड दोनों को नौकरी से हटा दिया गया। सीएमएस ने बताया कि मामले की जानकारी शासन को भी भेज दी गई है। दोनों कर्मचारी निजी एजेंसी के माध्यम से जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित एजेंसी को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। Noida News
सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में इससे पहले भी कर्मचारियों से जुड़े कई विवाद सामने आ चुके हैं। अलग-अलग मामलों में रिश्वत लेने, मेडिकल प्रमाणपत्र के लिए पैसे मांगने और इलाज या ऑपरेशन के नाम पर रकम मांगने के आरोपों से जुड़े वीडियो भी सामने आते रहे हैं। पिछले वर्ष मेडिकल प्रमाणपत्र जारी करने के नाम पर कथित तौर पर पैसे मांगने का वीडियो सामने आने के बाद दो स्वास्थ्यकर्मियों को हटाया गया था। Noida News
विज्ञापन