Noida: नोएडा । सेक्टर-93ए स्थित सुपरटेक एमेरल्ड कोर्ट स्थित ट्विन टावर के स्ट्रक्चर का ध्वस्तीकरण वैसे तो 22 मई को होगा लेकिन दीवारों, ग्रिल, खिड़की, दरवाजों को तोडऩे का कार्य शुरू हो गया है। ध्वस्तीकरण करने का ठेका लेने वाली कंपनी एडिफिस ने दोनों टॉवरों को तोडऩे का कार्य शुरू कर दिया है। अभी करीब 200 श्रमिकों द्वारा इंजीनियर्स की देखरेख में तोडऩे का काम किया जा रहा है। शीघ्र ही मजदूरों की संख्या बढ़ाकर 600 कर दी जाएगी। आज एडिफिस कंपनी ध्वस्तीकरण की डिजाइन का ड्राफ्ट नोएडा प्राधिकरण को सौंपेगा। इसके बाद यह ड्राफ्ट अध्ययन के लिए सीबीआरआई (केंद्रीय भवन अनुसंधान ब्यूरो) को भेजा जाएगा। उधर ध्वस्तीकरण करने के लिए दक्षिण अफ्रीका की विशेषज्ञों की टीम 25 फरवरी को नोएडा आ जाएगी तथा यहां आकर यह टीम दोनों टॉवरों का निरीक्षण करके ब्लास्ट की रूपरेखा तय करेगी। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत दोनो ट्विन टावर को ध्वस्त किया जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में 9 फरवरी को एक बैठक कर 22 मई को ध्वस्तीकरण की तिथि पर मोहर लगाई गई थी। तोडऩे में करीब 17.50 करोड़ का खर्च आएगा। मलवे की बिक्री से 13.33 करोड़ की आमदनी होने की उम्मीद है । सभी की निगाहें अब 22 मई की ओर टिकी हैं।