
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के संचालन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है। मंगलवार को एयरपोर्ट के रनवे पर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की कैलिब्रेशन फ्लाइट ने सफल ट्रायल पूरा किया, जिसमें नेविगेशन, सुरक्षा और लैंडिंग सिस्टम की सटीकता का परीक्षण किया गया। इस सफलता के साथ ही उम्मीद है कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) जल्द ही एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर देगा। सुबह करीब 9:30 बजे दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद AAI का विशेष विमान VT-FIS करीब 10:26 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर उतरा। विमान ने लगभग 20 से 25 मिनट तक हवाई क्षेत्र में चक्कर लगाकर सभी तकनीकी उपकरणों की जांच की। यह ट्रायल DGCA के निर्देशों के तहत किया गया था। Noida International Airport
कैलिब्रेशन फ्लाइट टेस्टिंग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होता है कि एयरपोर्ट के सभी उपकरण जैसे इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS), रडार, और कम्युनिकेशन सिस्टम पूरी तरह सटीक और विश्वसनीय हों। इससे उड़ान संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की नेविगेशनल त्रुटि की संभावना खत्म हो जाती है।किसी भी नए एयरपोर्ट को व्यावसायिक उड़ानों के लिए तैयार घोषित करने से पहले एयरोड्रम लाइसेंस हासिल करना आवश्यक होता है, और यह परीक्षण उसी प्रक्रिया का अहम हिस्सा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का रनवे 3900 मीटर लंबा है, जिसके दो छोरों रनवे 10 और रनवे 28 पर लगातार तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं। Noida International Airport
बीते शुक्रवार को रनवे-10 के लोकलाइजर, ग्लाइडपाथ सिस्टम और PAPI लाइट्स की जांच की गई थी। अब विमान ने पश्चिमी दिशा से रनवे-28 पर लैंडिंग कर सभी उपकरणों का सफल परीक्षण पूरा किया। ट्रायल के बाद DGCA ने परीक्षण से जुटाए गए डेटा का विश्लेषण शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, सभी सिस्टम पूरी तरह सही पाए गए हैं। अगर सब कुछ तय मानकों पर खरा उतरता है, तो एक सप्ताह के भीतर एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस जारी किया जा सकता है। Noida International Airport
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी और यमुना प्राधिकरण अब नवंबर के अंत तक एयरपोर्ट के औपचारिक उद्घाटन की तैयारियों में जुट गए हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवंबर के तीसरे या चौथे सप्ताह में इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। दिसंबर 2024 में इंडिगो एयरलाइंस के एयरबस A320 विमान ने पहली बार इस रनवे पर टेस्ट लैंडिंग की थी। उस समय भी ILS और अन्य नेविगेशन सिस्टम्स की सटीकता की जांच की गई थी।
अब नवीनतम कैलिब्रेशन ट्रायल के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आधिकारिक उद्घाटन की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। Noida International Airport