
Noida News / ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। थाना बिसरख क्षेत्र के यूनेक्स काउंटी सोसायटी में रहने वाले एक आईटी कर्मी ने अपने मकान में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उसने परिजनों से अपने इस कदम के लिए माफी मांगते हुए लिखा है कि वह जिंदगी से हार चुका है और इस कारण आत्महत्या कर रहा है और उसके लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।
मूल रूप से पश्चिम बंगाल निवासी अजीत राय चौधरी पुत्र दिलीप राय चौधरी अपनी पत्नी स्मिता के साथ यूनेक्स काउंटी सोसायटी में रहता था। पति -पत्नी दोनों ही के जॉब करते हैं। सोमवार को अजीत राय चौधरी की पत्नी स्मिता अपनी जॉब पर चली गई। शाम के समय जब वह वापस लौटी तो उसे घर का दरवाजा खुला हुआ मिला। घर के भीतर जाने पर उसे अजीत राय चौधरी फंदे पर लटका हुआ मिला।
स्मिता ने पड़ोसियो की मदद से अजीत राय को फंदे से उतारा और उपचार के लिए यथार्थ अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत अजीत राय को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना बिसरख पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि अजीत राय के घर से एक सुसायड नोट बरामद हुआ है। सुसायड नोट में अजीत राय ने लिखा है कि वह अपनी जिंदगी से परेशान आ चुका है इसी वजह से वह आत्महत्या कर रहा है। आत्महत्या के लिए अजीत राय चौधरी ने किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल कर रही है।