विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा में श्रमिकों के अधिकारों को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाया है। सेक्टर-6 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में रविवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पुलिस, प्रशासन, नियोक्ताओं और फैक्ट्री प्रबंधन के प्रतिनिधियों की अहम बैठक आयोजित की गई।

Noida News : नोएडा में श्रमिकों के अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। नोएडा के सेक्टर-6 स्थित नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में रविवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पुलिस, प्रशासन, नियोक्ताओं और फैक्ट्री प्रबंधन के प्रतिनिधियों की अहम बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नोएडा के औद्योगिक माहौल को संतुलित और श्रमिक-अनुकूल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। वरिष्ठ श्रम अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से जुड़ते हुए दोहराया कि नोएडा में श्रमिक कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि उद्योगों की प्रगति के साथ-साथ श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा भी उतनी ही जरूरी है।
नोएडा के औद्योगिक इकाइयों में अब ओवरटाइम करने वाले श्रमिकों को दोगुना भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही न्यूनतम वेतन, समय पर सैलरी और ‘समान काम के लिए समान वेतन’ जैसे नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। नई श्रम संहिताओं के तहत नोएडा में कार्य के घंटे तय करने, शोषण पर रोक लगाने, ईपीएफ, ईएसआई और ग्रेच्युटी जैसी सुविधाओं को अनिवार्य रूप से लागू करने पर जोर दिया गया। असंगठित और गिग वर्कर्स को भी सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाने की बात कही गई।
प्रशासन ने साफ किया कि नोएडा में काम कर रहे श्रमिकों की नौकरी की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा। छंटनी की स्थिति में नियमानुसार मुआवजा और नोटिस अवधि का वेतन देना अनिवार्य रहेगा। साथ ही सुरक्षित कार्यस्थल, साप्ताहिक अवकाश और महिला श्रमिकों के लिए विशेष प्रावधान लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। नोएडा में औद्योगिक क्षेत्रों की शांति बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी पक्षों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और कार्यस्थलों पर अनुशासन बनाए रखें।
नोएडा में श्रमिकों और उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी तरह की शिकायत या सूचना के लिए 1202978231, 1202978232, 1202978862 और 1202978702 नंबर जारी किए गए हैं। प्रशासन का दावा है कि हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नोएडा प्रशासन ने सभी फैक्ट्री प्रबंधन को निर्देशित किया है कि वे सरकारी गाइडलाइंस को अपने नोटिस बोर्ड पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। साथ ही श्रमिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर उन्हें सभी नियमों की जानकारी देना भी जरूरी होगा। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। Noida News
विज्ञापन