
नोएडा लेटेस्ट न्यूज। यदि आप नोएडा या ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटियों में रहते हैं तो आपको जरा संभल कर रहना होगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सैकड़ों सोसायटियों में आग बुझाने के कोई इंतजाम नहीं है। यदि जाने अंजाने में आग की घटना घटित हो जाती है तो फायर सर्विस के आने तक आपको खुद ही जुझना पड़ सकता है। हाईराइज सोसायटियों में रह रहे नागरिकों की सुरक्षा में लापरवाही बरने पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा की 300 सोसायटियों को फायर विभाग की ओर से नोटिस भेजा गया है।
दरअसल, आपको बता दें कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में होने वाली आग की घटनाओं के बाद दमकल विभाग ने इमारतों का सर्वे और सुरक्षा के इंतजाम देखे। विभाग की मानें तो बड़ी संख्या में ऐसी सोसायटी भी हैं, जिनमें आग बुझाने की व्यवस्था बिल्कुल नहीं है।
चीफ फायर आफिसर प्रदीप चौबे बताते हैं कि जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि 376 हाईराइज बिल्डिंग और सोसायटी में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उपकरण खराब हो चुके है, या इन्हें कई साल से बदला ही नहीं गया है। उपकरणों की देखभाल भी नहीं की गई है। इन सभी को नोटिस जारी किए गए हैं। बड़ी संख्या में ऐसी सोसायटी भी हैं, जिन्हें बिल्डरों ने एओए को हैंडओवर कर दिया है। कुछ सोसायटी ने एनओसी भी नहीं ली है। इन पर केस दर्ज कराया जाएगा।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत गौतमबुद्धगनर जनपद में 15 मीटर से ऊंची 376 ऊंची इमारतों को नोटिस जारी कर आग बुझाने के इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। 75 हाईराइज सोसायटियों के खिलाफ दमकल विभाग ने केस दर्ज कराया है। इसके बाद आरोपियों को सजा दिलाने से लेकर जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी में 400 से अधिक इमारतों में फायर की लाइन और उपकरण नहीं है। इन इमारतों में हजारों की संख्या में लोग रह रहे हैं। फायर विभाग भी बिल्डिंग में उपकरण नहीं होने की रिपोर्ट प्राधिकरण और शासन को भेज चुका है। ऐसे में अगर इमारतों में कहीं भी आग लग जाती है तो उसे बुझाना आसान नहीं होगा। अग्निशमन विभाग भी अपने सीमित संसाधनों से मुश्किल से ही ऐसी जगह लगी आग पर काबू कर पाएगा।
ग्रेटर नोएडा - नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।